एकतरफा मुकाबले में 10 विकेट से जीत, फरहान बने हीरो
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
किरीबुरू क्रिकेट क्लब एवं सेल किरीबुरू खदान प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किरीबुरू प्रीमियर लीग (KPL) सीजन-2 में 8 अप्रैल को खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। दिन का पहला मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा, जहां ईगल क्लब ने किरीबुरू सुपर जाइंट्स को करारी शिकस्त दी।
ईगल क्लब का जलवा, 10 विकेट से दर्ज की जीत
पहले बल्लेबाजी करते हुए किरीबुरू सुपर जाइंट्स की टीम 8 ओवर में 6 विकेट खोकर मात्र 58 रन ही बना सकी। टीम की ओर से बुल्लू ने 19 गेंदों में 32 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली। गेंदबाजी में कुमार धीरेन्द्र और विवेक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट झटके।
जवाब में उतरी ईगल क्लब की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए बिना कोई विकेट गंवाए मात्र 4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। राहुल सेन ने 17 गेंदों में 28 रन और फरहान ने सिर्फ 8 गेंदों में 22 रनों की तेज पारी खेली। फरहान ने गेंदबाजी में भी 1 विकेट लिया और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

उत्कल वॉरियर्स की मेघाहातुबुरु मार्वल्स पर 17 रन से जीत
दूसरे मुकाबले में उत्कल वॉरियर्स ने मेघाहातुबुरु मार्वल्स को 17 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्कल वॉरियर्स ने 8 ओवर में 6 विकेट खोकर 81 रन बनाए। आतिश ने 19 गेंदों में शानदार 45 रन की पारी खेली, जबकि राज (11 रन) और यूडी (10 रन) ने भी योगदान दिया। गेंदबाजी में युवा खिलाड़ी अभ्यास ने 3 विकेट लेकर मैच का रुख मोड़ दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मेघाहातुबुरु मार्वल्स की टीम 6 ओवर में 64 रन ही बना सकी। राजेंद्र ने 18 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि अभिजित ने 14 रन जोड़े। उत्कल वॉरियर्स की ओर से राकेश और यूडी ने 2-2 विकेट लेकर जीत सुनिश्चित की।
कारो टाइगर्स ने माइनर्स क्लब को हराया
दिन के एक अन्य मुकाबले में कारो टाइगर्स ने माइनर्स क्लब को 7 विकेट से पराजित किया। माइनर्स क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 42 रन बनाए, जिसमें आदित्य सिंह ने 17 रन का योगदान दिया। सिकंदर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कारो टाइगर्स ने 3 विकेट खोकर आसानी से जीत हासिल कर ली। सिकंदर ने 17 रन और प्रिंस ने 11 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। इस मुकाबले में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सिकंदर को दिया गया।

आयोजन में दिखा खेल के प्रति उत्साह
इस आयोजन के दौरान किरीबुरू क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष दीपेन लोहार, सचिव अमरितेश सिन्हा, सह-सचिव ईशान सिंह कठौते, कोषाध्यक्ष सुचित कुमार सहित हर्ष रॉय, साहिल रॉय, नागेश झा, चंदन पान, आशुतोष, आदित्य झा, आदित्य सिंह, प्रिंस, राहुल, हर्ष जायसवाल, दीपक, सत्यम, दिवाकर, रोशन, प्रदीप, अमन, नील, हनी और दीपक ठाकुर समेत कई खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
युवाओं को मिल रहा मंच, खेल प्रतिभा निखर रही
केपीएल-2 के आयोजन से क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल रहा है। लगातार हो रहे रोमांचक मुकाबलों से दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आने वाले मैचों में और भी कड़ी टक्कर की उम्मीद जताई जा रही है।













