कॉपर रस्सी चोरी मामले में थाना प्रभारी से मिला प्रतिनिधिमंडल, शहर में सीसीटीवी और गश्त बढ़ाने की मांग
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
किरीबुरू स्थित बिरसा मुंडा स्मारक से धनुष में लगी कॉपर की रस्सी चोरी होने के मामले को लेकर बिरसा स्मारक सेवा समिति, किरीबुरू-मेघाहातुबुरू-प्रोस्पेक्टिंग के पदाधिकारियों ने किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार से मुलाकात कर मामले पर गंभीर चर्चा की। समिति और पुलिस दोनों ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

समिति ने रखी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल में समिति के महासचिव अमर सिंह सुंडी, बीरबल गुड़िया, सेरगेया अंगारिया, माधव चन्द्र कोड़ा, बलभद्र बिरुली, प्रदीप चातर, भीमसेन मारला और गोपी लागुरी शामिल थे। समिति पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर कहा कि स्मारक आदिवासी समाज की आस्था और गौरव का प्रतीक है, इसलिए इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम जरूरी हैं।
समिति ने इस मामले में कुछ संदिग्ध बच्चों की गतिविधियों पर संदेह जताते हुए देर रात तक घूमने वाले बच्चों और युवकों पर निगरानी रखने, रात में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की।
“पुलिस अच्छा काम कर रही, लेकिन सख्ती भी जरूरी”
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस बेहतर कार्य कर रही है और लगातार कानून व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। बावजूद इसके, कुछ असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कुछ स्थानों पर अतिरिक्त सख्ती और निगरानी की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
थाना प्रभारी ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने समिति के सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और इसमें शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीते अगस्त महीने में ही सेल की दोनों प्रबंधन को पत्र लिखकर शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का आग्रह किया गया था।
उन्होंने कहा कि अब पुनः सेल प्रबंधन से मुलाकात कर जल्द से जल्द कैमरे लगाने की व्यवस्था बहाल करने का आग्रह किया जाएगा ताकि शहर में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण हो सके।
समिति और पुलिस की पहल से लोगों में भरोसा
इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्थानीय लोगों में यह संदेश गया है कि बिरसा स्मारक की गरिमा और शहर की सुरक्षा को लेकर समिति और पुलिस दोनों गंभीर हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि संयुक्त प्रयासों से न सिर्फ इस मामले का खुलासा होगा, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर भी प्रभावी रोक लगेगी।














