रिपोर्ट शैलेश सिंह
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच किरीबुरू पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आम लोगों एवं राहगीरों के लिए स्वच्छ पेयजल की विशेष व्यवस्था की है। किरीबुरू थाना क्षेत्र के सेंडल चौक/सेंडल मोड़, पुलिस चेक पोस्ट, सड़क किनारे तथा थाना परिसर में ठंडा और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया गया है, ताकि गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिल सके।

थाना परिसर में आरओ का ठंडा पानी उपलब्ध
किरीबुरू थाना परिसर में आरओ का स्वच्छ एवं ठंडा पानी आम नागरिकों के लिए उपलब्ध कराया गया है। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने कहा कि कोई भी व्यक्ति बिना किसी संकोच के थाना पहुंचकर पानी पी सकता है। पुलिस का उद्देश्य इस भीषण गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाना है।

मिट्टी के घड़ों में रखा गया ठंडा पानी
थाना क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर मिट्टी के घड़ों में ठंडा एवं स्वच्छ पानी रखा गया है। राहगीर, वाहन चालक, मजदूर एवं आम लोग अपनी सुविधा अनुसार वहां रुककर पानी पी रहे हैं। इस पहल से लोगों को तपती गर्मी में काफी राहत मिल रही है।

लोगों ने की पुलिस की सराहना
स्थानीय लोगों ने किरीबुरू पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारियों को भी बखूबी निभा रही है। भीषण गर्मी के बीच पुलिस की यह पहल लोगों के लिए राहत और संवेदना का बड़ा संदेश बनकर सामने आई है।












