पांच दिनों तक गूंजता रहा मैदान, चौके-छक्कों और तालियों से सराबोर हुआ गुवा
गुवा संवाददाता।
गुवा के कल्याण नगर दुर्गा मंडप प्रांगण में आयोजित पांच दिवसीय किशोर संघ स्पोर्ट्स क्लब न्यू कॉलोनी प्रीमियर लीग (एनसीपीएल) नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार रात बेहद रोमांचक मुकाबलों के साथ शानदार समापन हो गया। रात के अंधेरे में फ्लड लाइट के बीच खेले गए मैचों ने दर्शकों को आखिरी गेंद तक बांधे रखा। पुरुष एवं महिला वर्ग की टीमों ने मैदान पर दमदार प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया।

“निधि 11” की धमाकेदार जीत, महिला वर्ग में दिखा गर्ल पावर का जलवा
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में निधि 11 और प्रिया 11 के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निधि 11 की टीम ने 5 ओवर में 1 विकेट खोकर 33 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजों ने शानदार शॉट्स लगाकर दर्शकों को खूब रोमांचित किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रिया 11 की टीम दबाव में बिखरती नजर आई। टीम निर्धारित 5 ओवर में 3 विकेट खोकर केवल 25 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ निधि 11 ने महिला वर्ग की ट्रॉफी अपने नाम कर पूरे मैदान में जश्न का माहौल बना दिया।

“गोल्डन ईगल” ने उड़ाई जीत की पताका, मैदान के बादशाह को रोमांचक मुकाबले में हराया
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद कांटे का रहा। गोल्डन ईगल और मैदान के बादशाह टीम के बीच आखिरी ओवर तक रोमांच बना रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए गोल्डन ईगल टीम ने 5 ओवर में 9 विकेट खोकर 30 रन बनाए। कम स्कोर के बावजूद टीम के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को पलट दिया।
जीत के लिए 31 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैदान के बादशाह टीम 5 ओवर में 6 विकेट खोकर केवल 27 रन ही बना सकी। इसके साथ ही गोल्डन ईगल टीम ने पुरुष वर्ग की चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। जीत के बाद खिलाड़ियों और समर्थकों ने जमकर आतिशी जश्न मनाया।

विजेताओं पर बरसा सम्मान, तालियों से गूंज उठा दुर्गा मंडप परिसर
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गुवा सेल के डीजीएम सीएसआर अधिकारी अनिल कुमार तथा नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी मौजूद रहीं। दोनों अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को कप देकर सम्मानित किया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
विशिष्ट अतिथियों पंचम जॉर्ज सोय, अंतर्यामी महाकुड़, सैनुद्दीन खान तथा प्रभात हाजरा ने खिलाड़ियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
अंपायरों की निष्पक्षता और कमेटी की मेहनत ने जीता दिल
पूरे टूर्नामेंट को सफल बनाने में अंपायर आयन गुण एवं सैयद राजू की भूमिका सराहनीय रही। दोनों अंपायरों ने निष्पक्ष निर्णय देकर मैचों को रोमांचक और अनुशासित बनाए रखा।
आयोजन समिति के विजय कुमार दास, शेख जावेद, गणेश मिश्रा, तुलसी सांडिल, मिंटू पाठक, अनीश हुसैन, एमडी सरफराज, रोनाल्ड नाग, अनीश डुंगडुंग, विनीत पान और हिमांशु नाग सहित कई सदस्यों की मेहनत से टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

खेल के बहाने युवाओं में जोश, एकता और नई ऊर्जा का संचार
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र के युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का काम करते हैं। क्रिकेट प्रतियोगिता ने न केवल खिलाड़ियों को मंच दिया, बल्कि युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और भाईचारे का भी संदेश फैलाया। दर्शकों ने आयोजन समिति से भविष्य में और बड़े स्तर पर ऐसे टूर्नामेंट कराने की मांग की।











