प्रॉस्पेक्टिंग आजीविका महिला ग्राम संगठन एवं किरीबुरू मुर्गापाड़ा आजीविका महिला ग्राम संगठन ने किया आयोजन
बुजुर्ग समूहों को सम्मानित कर सामाजिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और समूह से जुड़ने के लिए किया गया प्रोत्साहित
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
1 अक्टूबर 2026। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की ओर से विशेष अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर प्रॉस्पेक्टिंग आजीविका महिला ग्राम संगठन एवं किरीबुरू मुर्गापाड़ा आजीविका महिला ग्राम संगठन के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों को सम्मान, गरिमा और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना था।
कार्यक्रम में बुजुर्गों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके अनुभवों और जीवन संघर्षों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। उपस्थित अतिथियों और संगठन के सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ सम्मानजनक जीवन जीने, सामाजिक रूप से सक्रिय रहने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।

बुजुर्ग समूहों के सदस्यों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान महिला वृद्ध समूह तथा ‘जय जवान जय किसान वृद्ध समूह’ के सदस्यों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बुजुर्ग सदस्यों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। इस अवसर पर बुजुर्गों ने अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष, सामाजिक परंपराओं और बदलते समय से जुड़े विचार साझा किए।
गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम में बुजुर्ग सदस्यों के लिए गीत-संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी सक्रिय सहभागिता ने पूरे कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र बुजुर्गों को संबंधित योजनाओं से जोड़ने और उन्हें समय पर लाभ दिलाने पर जोर दिया गया, ताकि वे सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जी सकें।
आजीविका और आत्मनिर्भरता पर चर्चा
Elderly SHG से जुड़े सदस्यों की आजीविका संबंधी जरूरतों और रुचियों को जानने के लिए चर्चा की गई। बुजुर्गों की क्षमता, अनुभव और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर विचार किया गया। उन्हें समूह से जुड़कर सामूहिक रूप से आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।

समूह संचालन और स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम में वृद्ध समूह के सदस्यों को पंचसूत्र, समूह संचालन, स्वच्छता और सामूहिक सहभागिता से संबंधित जानकारी दी गई। सफल Elderly SHG सदस्यों की उपलब्धियों और अनुभवों को साझा किया गया, ताकि अन्य सदस्य उनसे प्रेरणा लेकर समूह की गतिविधियों को और मजबूत कर सकें।
आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम में अध्यक्ष जीवंती कुंडलना और कोनी जेराई, सचिव जया फरीदा और सुनीता तिर्की तथा कोषाध्यक्ष अनीता हेम्ब्रम और नीतिमा बारला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पंचायत उपमुखिया सुमन मुंडू और वार्ड सदस्य शानी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
बुजुर्ग समूहों के साथ सक्रिय रूप से कार्य कर रहीं Gender CRP रीना दास, हीरामनी बारला, कुलदीप कौर, पूनम सिद्धू और TRI विभाग से पूजा कुमारी, अनिता पान, मंजुला बैंग एवं ग्रेस बोदरा ने भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। आंगनबाड़ी केंद्र से सेविका नीलिमा लागुरी तथा DLSA से विनीता सैंडिल भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।

बुजुर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना उद्देश्य
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाने का उद्देश्य केवल एक दिन का आयोजन करना नहीं है। बुजुर्गों का सम्मान, उनकी सामाजिक सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, आर्थिक आत्मनिर्भरता और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना ही इस दिवस की वास्तविक भावना है।
DAY-NRLM के अंतर्गत गठित Elderly SHGs, ग्राम संगठनों (VO), CLFs और Gender CRP की सक्रिय भागीदारी से ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। उपस्थित लोगों ने बुजुर्गों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।











