भ्रष्टाचार नक्सल खदान अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम
---Advertisement---

गांधी-शास्त्री जयंती पर मेघाहातुबुरु दक्षिणी पंचायत ने लिया विकास का संकल्प

---Advertisement---

जर्जर स्कूल भवन से लेकर सड़क, पेयजल, सोलर लाइट और स्वास्थ्य सुविधाओं तक कई प्रस्ताव पारित

रिपोर्ट: शैलेश सिंह

महापुरुषों को श्रद्धांजलि से कार्यक्रम की शुरुआत

मेघाहातुबुरु दक्षिणी पंचायत कार्यालय प्रांगण में गुरुवार, 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया प्रफ्फुलित ग्लोरिया टोपनो ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों महापुरुषों की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया।

पंचायत के सर्वांगीण विकास पर मंथन

जयंती कार्यक्रम के बाद पंचायत के सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों और लंबे समय से लंबित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षा, पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा से जुड़ी कई योजनाओं के प्रस्ताव पारित किए गए।

प्रोजेक्ट प्लस टू विद्यालय के कायाकल्प का प्रस्ताव

बैठक में प्रोजेक्ट प्लस टू उच्च विद्यालय मेघाहातुबुरु के जर्जर भवन और एस्बेस्टस शीट को हटाकर पक्के एवं आधुनिक विद्यालय भवन के निर्माण का प्रस्ताव प्रमुखता से पारित किया गया। विद्यालय में मध्याह्न भोजन तैयार करने के लिए शेड तथा विद्यार्थियों के भोजन के लिए अलग कमरे के निर्माण की भी मांग रखी गई।

विद्यालय परिसर में बाउंड्रीवाल, हाई मास्ट टावर, प्रार्थना सभा मंच एवं शेड के साथ पर्याप्त शौचालय निर्माण का प्रस्ताव भी पारित हुआ।

विज्ञान प्रयोगशाला और पुस्तकालय पर जोर

विद्यालय में विज्ञान प्रयोगशाला के मरम्मत एवं आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था, पुस्तकालय भवन निर्माण तथा पुराने खराब आरओ वाटर मशीन की मरम्मत का प्रस्ताव रखा गया। पानी की टंकी एवं कॉरिडोर से जुड़ी जर्जर संरचना के ध्वस्तीकरण के बाद पुनर्निर्माण की योजना भी प्रस्ताव में शामिल की गई।

बिजली और सुरक्षा व्यवस्था भी प्राथमिकता

विद्यालय में विद्युत वायरिंग को दुरुस्त करने, तड़ित चालक लगाने तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था करने का प्रस्ताव पारित किया गया। विद्यालय की सुरक्षा के लिए नाइट गार्ड तथा विद्यार्थियों की आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था की मांग भी रखी गई।

आंगनबाड़ी केंद्रों में भी सुविधाएं बढ़ाने की पहल

रेलवे हीटिंग स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आरओ मशीन लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं बोरदा भट्ठी में आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, शुद्ध पेयजल एवं सोलर लाइट की व्यवस्था करने की योजना भी प्रस्ताव में शामिल की गई।

ए टाइप कॉलोनी में सोलर लाइट

पंचायत क्षेत्र के ए टाइप कॉलोनी में तीन सोलर लाइट टावर लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया, ताकि रात के समय लोगों को बेहतर रोशनी एवं सुरक्षा मिल सके।

सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी जोर

बैठक में उप स्वास्थ्य केंद्र से संबंधित सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा बोरदा भट्ठी से कलैता तक पीसीसी सड़क निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा शमशाद आलम के घर से मुख्य सड़क तक पीसीसी सड़क निर्माण की मांग भी प्रस्ताव में शामिल की गई।

ग्रामीण सुविधाओं को मजबूत करने का संकल्प

पंचायत प्रतिनिधियों एवं उपस्थित लोगों ने कहा कि पंचायत के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देना आवश्यक है। पारित प्रस्तावों को संबंधित विभागों एवं सक्षम अधिकारियों के समक्ष भेजकर योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में पहल करने की बात कही गई।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में एलिजाबेथ पूर्ति, रवि शंकर चौधरी, जॉन अजीत आइंद, प्रवीण कुमार शर्मा, रीमा कुमारी, तरुणा कुमारी गोछाईट, संगीता, उर्मिला, फ्रांसिस सहित, शिक्षक, anm, आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़े कर्मी, दर्जनों ग्रामीण एवं पंचायत क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

error: Content is protected !!