रिपोर्ट: शैलेश सिंह।
देशभर में चल रहे वित्तीय समावेशन संतृप्तिकरण अभियान के तहत भारतीय रिज़र्व बैंक, रांची के क्षेत्रीय निदेशक श्री प्रेम रंजन प्रसाद सिंह ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत कसिरा पंचायत में आयोजित वित्तीय समावेशन एवं पुनः केवाईसी शिविर का दौरा किया।

जनता को बैंकिंग सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय रिज़र्व बैंक और वित्तीय सेवा विभाग, वित्त मंत्रालय द्वारा 1 जुलाई से 30 सितम्बर 2025 तक यह विशेष अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। इसी के तहत यह शिविर आयोजित किया गया।
श्री प्रेम रंजन प्रसाद सिंह ने शिविर का निरीक्षण करते हुए बैंक अधिकारियों व बैंकिंग संवाददाताओं (BCs) से पुनः केवाईसी प्रक्रिया की प्रगति और शिविरों की सुगमता पर चर्चा की। उन्होंने बैंक अधिकारियों से अपील की कि कृषि कार्यों के समय को ध्यान में रखते हुए शिविरों का आयोजन देर शाम तक किया जाए, जिससे अधिक से अधिक किसान इसका लाभ ले सकें।
“जन-गण-मन” से समावेशन को मिली नई दिशा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय निदेशक ने बैंकों को “जन-गण-मन” सूत्रमंत्र प्रदान करते हुए इस अभियान में पूर्ण समर्पण के साथ भागीदारी निभाने का आह्वान किया:
- जन: जनता, जिसके हित में यह महान अभियान चलाया जा रहा है।
- गण: बैंकिंग प्रणाली से जुड़े अधिकारी व कर्मी, जिनकी सक्रिय भूमिका अभियान को गति देगी।
- मन: इस अभियान में पूरी निष्ठा, समर्पण और मनोयोग से प्रयास करना।
उन्होंने कहा कि यह संयुक्त प्रतिबद्धता ही इस महान जन अभियान को सफल बनाएगी।

शिविर में बड़ी संख्या में हुई भागीदारी
शिविर में कुल 2,421 खातों का पुनः केवाईसी सफलतापूर्वक किया गया, वहीं 1,458 से अधिक खाताधारकों ने बीमा योजनाओं में नामांकन करवाया। प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत नये बैंक खाते खोले गये और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, तथा अटल पेंशन योजना में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित वाणिज्यिक बैंकों के अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं, और आरबीआई ओम्बड्समैन योजना की जानकारी प्रतिभागियों को दी।
शिविर के प्रचार-प्रसार में भी रही सक्रियता
ध्वनि विस्तारकों और समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार किया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग समय से पुनः केवाईसी करवा सकें और वित्तीय सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
राज्य में 1.10 लाख से अधिक बैंकिंग संवाददाता सक्रिय
क्षेत्रीय निदेशक ने जानकारी दी कि झारखंड में 1,10,973 बैंकिंग संवाददाता (BC) कार्यरत हैं, जिनमें से 49,004 स्थायी हैं। इन्हीं संवाददाताओं के माध्यम से बैंकिंग सुविधाएं दूरदराज़ के इलाकों तक पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने BCs से पुनः केवाईसी प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में अनेक वरिष्ठ अधिकारी हुए शामिल
इस अवसर पर श्रीमती कविता कुमारी (क्षेत्रीय प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक), श्री पंकज कुमार मिश्रा (आंचलिक प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया), श्री श्रीकांत कटारे (क्षेत्रीय प्रबंधक, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक), श्री सत्यम कुमार (प्रखंड विकास पदाधिकारी), मुखिया बिमल किशोर कोड़ा, एलडीएम दिवाकर सिन्हा, तथा कई बैंक शाखा प्रमुख और बैंकिंग संवाददाता उपस्थित रहे।
शिविर में वित्तीय साक्षरता, सरलीकृत केवाईसी फॉर्म, नामांकन प्रक्रिया, निष्क्रिय खातों की पुनः सक्रियता, तथा ग्राहक सेवा से जुड़ी समस्याओं के समाधान जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को जागरूकता पत्रक और पोस्टर भी वितरित किए गए।














