लतारशिखा गांव में छापेमारी, अवैध शराब भट्टी ध्वस्त; नौ लोगों पर प्राथमिकी
चाईबासा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लतारशिखा गांव में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के कारोबार पर करारा प्रहार किया है। विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध शराब भट्टी को ध्वस्त किया, मौके से 3200 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया और 200 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने बताया कि सहायक उत्पाद आयुक्त अरविंद कुजूर के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में गांव के अंदर संचालित अवैध भट्टी को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि अवैध शराब के निर्माण को रोका जा सके। साथ ही तैयार अवस्था में रखी गई 200 लीटर शराब को जब्त कर लिया गया।
उत्पाद विभाग ने इस मामले में नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। निरीक्षक सिन्हा के अनुसार, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














