रिपोर्ट: शैलेश सिंह
पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस को डकैती कांड की जांच में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक, प० सिंहभूम, चाईबासा को 19 दिसंबर 2025 को गुप्त सूचना मिली कि बड़ाजामदा क्षेत्र में अक्टूबर माह में हुई चर्चित डकैती कांड से जुड़ा एक आरोपी भारी मात्रा में हथियार और कारतूस लेकर बड़ाजामदा आने वाला है।
अक्टूबर में हुई थी लाखों की डकैती
नगदी और सोने के गहनों पर अपराधियों ने किया था हाथ साफ
ज्ञात हो कि माह अक्टूबर 2025 में बड़ाजामदा निवासी अनिल चौरसिया के घर अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा डकैती की गई थी। इस वारदात में अपराधियों ने लगभग ₹2.5 लाख नगद, एक सोने का ब्रेसलेट (कीमत करीब ₹90 हजार) तथा एक सोने की चेन (कीमत करीब ₹80 हजार) लूट लिए थे।
इस संबंध में गुवा (बड़ाजामदा ओपी) थाना कांड संख्या-45/25, दिनांक 14.10.2025 दर्ज किया गया था।

पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं पांच आरोपी
फरार आरोपियों की तलाश में थी पुलिस
डकैती कांड के उद्भेदन के क्रम में पुलिस पहले ही पांच अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। लेकिन कांड से जुड़े कुछ आरोपी अभी भी फरार थे, जिनकी तलाश लगातार की जा रही थी।
गुप्त सूचना से खुला बड़ा राज
हथियार पहुंचाने आ रहा था आरोपी करण महतो
पुलिस को मिली सूचना के अनुसार, डकैती कांड में जेल भेजे गए अभियुक्त दीपक महतो (निवासी जमशेदपुर) का भतीजा करण महतो इस कांड में प्रयुक्त हथियार और गोली वांछित अभियुक्त राजू लोहार (निवासी बड़ाजामदा) को देने के लिए बड़ाजामदा आ रहा था।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
एसडीपीओ किरीबुरु के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, किरीबुरु के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने बिना समय गंवाए रणनीति बनाकर कार्रवाई की।
बड़ाजामदा बस स्टैंड से गिरफ्तारी
हथियारों के साथ रंगे हाथों दबोचा गया आरोपी
विशेष टीम ने बड़ाजामदा बस स्टैंड पर घेराबंदी कर आरोपी करण कुमार महतो को धर दबोचा। इसके बाद विधिवत तलाशी एवं जप्ती सूची तैयार करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम: करण कुमार महतो
उम्र: करीब 24 वर्ष
पिता का नाम: राजकुमार महतो
पता: वर्मा माइंस, रघुवर नगर
थाना: वर्मा माइंस
जिला: पूर्वी सिंहभूम
हथियारों का खतरनाक जखीरा बरामद
भारी मात्रा में कारतूस ने बढ़ाई चिंता
आरोपी के पास से पुलिस ने निम्नलिखित सामग्री बरामद की—
- (1) सिल्वर रंग का देशी कट्टा
- (1) स्टील रंग का स्वचलित पिस्तौल
- (2) खाली मैगजीन
- (4) 41 जिंदा कारतूस (7.65 mm)
- (5) 10 जिंदा कारतूस (9 mm)
- (6) 09 जिंदा कारतूस (8 mm)
- (7) एक काले रंग का मोबाइल फोन, सिम नंबर – 9123122728
संगठित अपराध की ओर इशारा
डकैती गिरोह की जड़ तक पहुंचने की तैयारी
इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस की बरामदगी से यह साफ संकेत मिलता है कि डकैती कांड के पीछे संगठित अपराध गिरोह सक्रिय है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए और किन-किन अपराधों में इनके इस्तेमाल की योजना थी।
छापामारी टीम के सदस्य
इस सफल कार्रवाई में शामिल विशेष टीम के सदस्य—
- श्री अजय केरकेट्टा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, किरीबुरु
- पु०अ०नि० बालेश्वर उरांव, ओपी प्रभारी, बड़ाजामदा
- पु०अ०नि० चन्द्रशेखर
- पु०अ०नि० धनंजय सिंह
- पु०अ०नि० अभय कुमार (तकनीकी शाखा)
- स०अ०नि० सिमाल होसदा एवं बड़ाजामदा ओपी रिजर्व गार्ड सशस्त्र बल
पुलिस की सख्ती से अपराधियों में हड़कंप
फरार आरोपियों की तलाश तेज
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
पुलिस की इस सटीक और त्वरित कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि जिले में अपराधियों के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।













