गुवा सेल प्रबंधन ने 5 गांवों के 50 बीपीएल बच्चों को नि:शुल्क स्कूल सामग्री बांटी
गुवा संवाददाता।
कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के अंतर्गत शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में गुवा सेल प्रबंधन ने एक सराहनीय पहल करते हुए पांच गांवों के 50 बीपीएल परिवारों के बच्चों के बीच नि:शुल्क स्कूल सामग्री का वितरण किया। यह कार्यक्रम गुवा सेल के मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडी) में आयोजित समारोह के दौरान संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में बच्चों को स्कूल बैग, पठन-पाठन सामग्री और पाठ्यपुस्तकें प्रदान की गईं। प्रबंधन ने बताया कि सीएसआर योजना के तहत इन बच्चों को पूर्व में स्कूल यूनिफॉर्म, स्वेटर और ब्लेज़र भी उपलब्ध कराए जा चुके हैं, ताकि उनकी पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस वितरण कार्यक्रम का नेतृत्व गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक (खान) चंद्रभूषण कुमार ने किया। उनके साथ सिविल विभाग के महाप्रबंधक संजय बनर्जी, मानव संसाधन विभाग के महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, खान विभाग के महाप्रबंधक एस.पी. दास, मानव संसाधन विभाग के उपमहाप्रबंधक मिलन नंदी तथा सीएसआर विभाग के डीजीएम अनिल कुमार भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों को सामग्री सौंपकर उनका उत्साहवर्धन किया।

शिक्षा ही भविष्य की कुंजी : सीजीएम
समारोह को संबोधित करते हुए सीजीएम चंद्रभूषण कुमार ने कहा कि गुवा सेल प्रबंधन अपने 18 सीएसआर गांवों में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। गुवासाई, नुईया, ठाकुरा, रोवाम और जोजोगुटू सहित आसपास के क्षेत्रों के गरीब एवं असहाय बीपीएल परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई एक बड़ी चुनौती होती है, ऐसे में 50 बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सेल प्रबंधन द्वारा लगभग 95 बच्चों की गुवा डीएवी स्कूल में ट्यूशन फीस माफ कराई गई है, ताकि वे बिना आर्थिक दबाव के पढ़ाई जारी रख सकें। उन्होंने बच्चों से शिक्षा को अपना लक्ष्य बनाने और अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की।

बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी
पठन-पाठन सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। अभिभावकों ने भी इस पहल के लिए गुवा सेल प्रबंधन का आभार जताया। यह कार्यक्रम न केवल बच्चों के शैक्षणिक भविष्य को संवारने की दिशा में एक मजबूत कदम है, बल्कि समाज के प्रति गुवा सेल प्रबंधन की जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता को भी स्पष्ट रूप से दर्शाता है।













