रिपोर्ट : शैलेश सिंह
चाईबासा स्थित परिसदन में आज भारतीय प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी रविरंजन कुमार विक्रम ने सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के 27वें प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2012 बैच के अधिकारी हैं।
पदभार ग्रहण करने के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री अमित रेनू तथा उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

जनकल्याणकारी योजनाएं पहली प्राथमिकता : आयुक्त
पदभार ग्रहण करने के पश्चात प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने कहा कि कोल्हान प्रमंडल क्षेत्र में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
आयुक्त ने कहा,
“प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि उनका वास्तविक लाभ आम नागरिक तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जवाबदेही जरूरी है।”

विकास और कानून-व्यवस्था पर हुई प्रारंभिक समीक्षा
आयुक्त ने पदभार ग्रहण के साथ ही प्रमंडल की प्रशासनिक स्थिति, विकास योजनाओं और कानून-व्यवस्था की संक्षिप्त समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और कार्यालयों में पारदर्शिता तथा संवेदनशीलता बनाए रखी जाए।
अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत
इस अवसर पर आयुक्त के सचिव श्री अजय कुमार साव, अपर उपायुक्त पश्चिम सिंहभूम श्री प्रवीण करेकट्टा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री संदीप अनुराग टोपनो, उप निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्री खुशहेंद्र सोनकेसरी, नजारत उपसमाहर्ता श्री देवेंद्र कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता श्री कुमार हर्ष सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रमंडलीय आयुक्त को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

समन्वय और टीमवर्क पर दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों ने नए आयुक्त के नेतृत्व में कोल्हान प्रमंडल के समग्र विकास, सुशासन और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
यह पदभार ग्रहण समारोह कोल्हान प्रमंडल में प्रशासनिक सक्रियता और जनसेवा के नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।













