आईपीएल की तर्ज पर खेली जा रही मेघाहातुबुरु प्रीमियम लीग, पहले ही दिन दो रोमांचक मुकाबलों से गूंजा मैदान
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
सारंडा की खूबसूरत वादियों में एक बार फिर क्रिकेट का रोमांच चरम पर है। मेघाहातुबुरु के खेल मैदान में 10 मार्च से मेघाहातुबुरु प्रीमियम लीग (MPL) का भव्य आगाज हुआ, जिसमें स्थानीय खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
आईपीएल की तर्ज पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 8 फ्रेंचाइजी बेस टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का आयोजन द लूज़र्स क्लब, मेघाहातुबुरु-किरीबुरू और सेल, मेघाहातुबुरु प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। खिलाड़ियों को टीमों में शामिल करने के लिए आईपीएल की तरह ऑक्शन प्रक्रिया भी आयोजित की गई थी, जिससे पूरे टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ गया है।

भव्य समारोह के साथ हुआ टूर्नामेंट का आगाज
MPL का उद्घाटन समारोह बेहद भव्य और रंगारंग रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेघाहातुबुरु खदान के प्रभारी सीजीएम संजय कुमार सिंह थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सीएमओ डॉ. नंदी जेराई, महिला समिति की अध्यक्ष रंजिता सिंह, महाप्रबंधक मनीष राय, महाप्रबंधक योगेश प्रसाद राम, उप महाप्रबंधक सरस साहू, संजय कुमार, ऑफिसर्स एसोसिएशन (JJOM) के अध्यक्ष अवधेश कुमार, डॉ. मनोज कुमार, मोहन कुमार, आलोक वर्मा, मृत्युंजय कुमार, के.बी. बहादुर तथा सुषमा योगेश राम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

अतिथियों ने सभी फ्रेंचाइजी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर स्थानीय बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उद्घाटन समारोह को और भी आकर्षक बना दिया।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
मेघाहातुबुरु प्रीमियम लीग का उद्देश्य क्षेत्र के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच प्रदान करना है। किरीबुरू और मेघाहातुबुरु क्षेत्र में क्रिकेट के प्रति युवाओं का उत्साह हमेशा से देखा जाता रहा है, लेकिन उन्हें संगठित प्रतियोगिता में खेलने के अवसर कम मिलते थे।
अब MPL के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में खेलने और अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिल रहा है। आयोजकों का मानना है कि आने वाले समय में यहां से कई खिलाड़ी बड़े स्तर तक पहुंच सकते हैं।

पहला मुकाबला: टाउनशिप टाइटंस ने किरीबुरू किंग्स को दी करारी शिकस्त
टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में टाउनशिप टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए किरिबुरू किंग्स को 55 रनों से पराजित कर दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए टाउनशिप टाइटंस ने 8 ओवर में 3 विकेट खोकर 112 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
टीम के कप्तान विवेक गुप्ता उर्फ आतिश ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में नाबाद 78 रन बनाए। उनकी इस पारी में 7 छक्के और 6 चौके शामिल थे।
वहीं गुलशन ने 10 गेंदों में 15 रन बनाकर टीम को मजबूती दी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी किरीबुरू किंग्स की टीम 8 ओवर में 8 विकेट खोकर मात्र 57 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सिकंदर ने सर्वाधिक 23 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 1 चौका शामिल था।
गेंदबाजी में विवेक गुप्ता ने 3 विकेट और मोहम्मद कैफ ने 2 विकेट लेकर टाउनशिप टाइटंस को शानदार जीत दिलाई।
शानदार प्रदर्शन के लिए विवेक गुप्ता को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा मुकाबला: महावीर महाराजास ने न्यू कॉलोनी निंजास को हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में महावीर महाराजास ने न्यू कॉलोनी निंजास को 16 रन से पराजित कर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए महावीर महाराजास ने 8 ओवर में 4 विकेट खोकर 98 रन बनाए।
टीम के कप्तान एवरेस्ट ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 63 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 2 चौके शामिल थे।
वहीं फरहान आलम ने 13 गेंदों में 27 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
99 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू कॉलोनी निंजास की टीम 7 विकेट खोकर 82 रन ही बना सकी। टीम के कप्तान प्रेम ने सर्वाधिक 27 रन बनाए।
गेंदबाजी में सावन ने 3 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए कप्तान एवरेस्ट को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

11 मार्च को होंगे तीन हाई-वोल्टेज मुकाबले
टूर्नामेंट के दूसरे दिन यानी 11 मार्च को क्रिकेट प्रेमियों के लिए तीन रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
शाम 6:30 बजे
मेघाहातुबुरु मावेरिक्स बनाम माइनिंग बुल्स
शाम 7:30 बजे
सारंडा सुल्तान्स बनाम मेग मॉन्स्टर्स
रात 8:30 बजे
किरिबुरू किंग्स बनाम न्यू कॉलोनी निंजास
इन मुकाबलों को लेकर दर्शकों में अभी से काफी उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन समिति की रही अहम भूमिका
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में क्लब के कई पदाधिकारियों और सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें प्रमुख रूप से राहुल कुमार सेन (अध्यक्ष), प्रभात कुमार मिंज (सचिव), पीयूष गोप, बीरबल गुड़िया, अनमोल पांडे, फरहान आलम, एमडी कैफ, ऋषिकेश रजक, दीपू रजक, विवेक कुमार गुप्ता, नागेश झा, एवरेस्ट प्रसाद, शहनाज और राजू सहित कई अन्य सदस्य सक्रिय रहे।

अंपायरों ने निभाई जिम्मेदारी
दोनों मुकाबलों में शिव कुमार महतो और सुजीत राय ने अंपायर की भूमिका निभाई। उनके निष्पक्ष निर्णय और सटीक अंपायरिंग के कारण मैच सुचारू रूप से संपन्न हुआ।














