पत्नी की साड़ी के सहारे फंदा बनाकर दी जान, पारिवारिक विवाद की आशंका
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
किरीबुरू थाना क्षेत्र के करमपदा गांव में बुधवार 11 मार्च की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। मृतक की पहचान दीपक पूर्ति (लगभग 22 वर्ष), पिता पावल पूर्ति के रूप में हुई है।

रेलवे के पुराने भवन में उठाया खौफनाक कदम
जानकारी के अनुसार दीपक पूर्ति अपनी पत्नी के साथ करमपदा गांव स्थित रेलवे के एक पुराने भवन में रह रहा था। बुधवार रात किसी समय उसने पत्नी की साड़ी के सहारे फंदा बनाकर उसी भवन के अंदर फांसी लगा ली। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बच्चों की नजर पड़ी तो हुआ खुलासा
ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक, कुछ बच्चे खेलते हुए घर के पास पहुंचे और खिड़की से अंदर देखा तो दीपक को फंदे से लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखकर बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग तुरंत घर के अंदर पहुंचे और दीपक को फंदे से उतारकर उसे बचाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने प्राथमिक उपचार देने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पारिवारिक विवाद की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर यह बात सामने आ रही है कि दीपक और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद हुआ था। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है।
गांव में शोक और दहशत का माहौल
घटना के बाद करमपदा गांव में शोक का माहौल है। एक युवा की इस तरह अचानक मौत से गांव के लोग स्तब्ध हैं। लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।













