भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

गुवा सेल में एमडीओ के खिलाफ मजदूरों-ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, विशाल रैली से गूंजा जनरल ऑफिस परिसर

On: March 13, 2026 6:44 PM
Follow Us:
---Advertisement---

“एमडीओ लागू हुआ तो छिनेगा रोजगार” — मजदूर संगठनों की चेतावनी, प्रबंधन को सौंपा मांग पत्र

गुवा संवाददाता।
गुवा सेल में प्रस्तावित एमडीओ (माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर) प्रणाली के विरोध में शुक्रवार की संध्या मजदूरों और ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। करीब शाम 5 बजे सैकड़ों की संख्या में मजदूरों, यूनियन प्रतिनिधियों और आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने विशाल रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने गुवा सेल प्रबंधन के खिलाफ तीखी नारेबाजी करते हुए एमडीओ प्रणाली को पूरी तरह रद्द करने की मांग की।

यूनियन कार्यालय से निकली रैली, जनरल ऑफिस तक पहुंचा आक्रोश

प्रदर्शनकारी मजदूरों की रैली रेलवे मार्केट स्थित झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के यूनियन कार्यालय से शुरू हुई। हाथों में बैनर-पोस्टर और नारों के साथ निकली यह रैली गुवा के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई सेल के जनरल ऑफिस के समक्ष पहुंची, जहां मजदूरों और ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान “एमडीओ वापस लो”, “मजदूर विरोधी नीति बंद करो” और “स्थानीय रोजगार बचाओ” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

मजदूर संगठनों और ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी

इस आंदोलन में विभिन्न मजदूर संगठनों और ग्रामीणों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। रैली और प्रदर्शन में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक), सप्लाई मजदूर संघ, झारखंड मजदूर मोर्चा यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और आसपास के गांवों के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह लड़ाई केवल मजदूरों की नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के भविष्य और स्थानीय रोजगार की सुरक्षा की लड़ाई है।

“किसी भी हालत में लागू नहीं होने देंगे एमडीओ”

सभा को संबोधित करते हुए झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि सेल प्रबंधन गुवा खदान में एमडीओ प्रणाली लागू करने की तैयारी कर रहा है, लेकिन मजदूर संगठन और स्थानीय ग्रामीण मिलकर इसका जोरदार विरोध करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि
“गुवा में किसी भी स्थिति में एमडीओ प्रणाली लागू नहीं होने दी जाएगी। यदि प्रबंधन ने जबरन इसे लागू करने की कोशिश की तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।”

सुविधाओं में कटौती का भी आरोप

सभा में वक्ताओं ने सेल प्रबंधन पर मजदूरों को मिलने वाली सुविधाओं में धीरे-धीरे कटौती करने का आरोप लगाया। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कोलकाता स्थित रुबी अस्पताल के गेस्ट हाउस को बंद कर दिया गया है, जिससे इलाज के लिए जाने वाले मजदूरों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि प्रबंधन मजदूर हितों की अनदेखी कर रहा है, जिससे मजदूरों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

सप्लाई मजदूरों के रोजगार पर मंडरा रहा खतरा

मजदूर नेताओं ने चेतावनी दी कि एमडीओ व्यवस्था लागू होने से वर्षों से काम कर रहे सप्लाई मजदूरों का रोजगार खतरे में पड़ सकता है।
उनका कहना था कि इस व्यवस्था के तहत निजी कंपनियों को काम सौंपा जाएगा, जिससे स्थानीय मजदूरों की छंटनी की आशंका बढ़ जाएगी। साथ ही यह भी आशंका जताई गई कि मजदूरों से 8 घंटे की जगह 12 घंटे तक काम लिया जा सकता है।

करीब एक घंटे तक चला प्रदर्शन

जनरल ऑफिस के सामने करीब एक घंटे तक मजदूरों और ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान नारेबाजी और भाषणों के माध्यम से मजदूर नेताओं ने प्रबंधन को कड़ा संदेश दिया कि यदि एमडीओ लागू करने का फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

प्रबंधन को सौंपा गया मांग पत्र

प्रदर्शन के बाद यूनियन प्रतिनिधियों ने सेल प्रबंधन को एक मांग पत्र सौंपा। इस मांग पत्र में एमडीओ प्रणाली को रद्द करने, मजदूरों की सुविधाओं को बहाल करने और स्थानीय रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
प्रबंधन की ओर से प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया गया कि मजदूरों की मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और इस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

ये लोग रहे मौजूद

इस मौके पर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, अंतर्यामी महाकुड़, संजु गोच्छाईत, जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के विश्वजीत तांती, निर्मलजीत सिंह, पंचम जॉर्ज सोय, चंद्रिका खंडायत, जानों चातर, नूतन सुंडी, प्रशांत चाम्पिया, सुशील पूर्ति, किशोर सिंह सहित बड़ी संख्या में मजदूर और ग्रामीण उपस्थित थे।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment