एमपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में पहले दिन तीन रोमांचक मुकाबले, किरीबुरू किंग्स और न्यू कॉलोनी निंजास भी विजयी
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
मेघाहातुबुरु-किरीबुरू में द लूज़र्स क्लब और सेल, मेघाहातुबुरु प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में आईपीएल की तर्ज पर आयोजित एमपीएल (मेघाहातुबुरु प्रीमियम लीग) क्रिकेट टूर्नामेंट में 14 मार्च को क्रिकेट प्रेमियों को तीन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले ही मैच में मेक मॉन्स्टर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महावीर महाराजास को 24 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया। इस मुकाबले के हीरो कप्तान ईशान सिंह कठौते रहे, जिन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैदान में छक्कों की बरसात कर दी।

ईशान सिंह की विस्फोटक पारी से मेक मॉन्स्टर्स को मजबूत स्कोर
पहले मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए मेक मॉन्स्टर्स की टीम ने 8 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 123 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के कप्तान ईशान सिंह कठौते ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 28 गेंदों में 80 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 11 गगनचुंबी छक्के और 1 चौका शामिल रहा। ईशान की इस विस्फोटक पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और दर्शकों को रोमांच से भर दिया।

ईशान का साथ देते हुए आदित्य सिंह ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी की। उन्होंने 18 गेंदों में 35 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के और 2 चौके शामिल थे। दोनों बल्लेबाजों की दमदार बल्लेबाजी के कारण मेक मॉन्स्टर्स ने विपक्षी टीम के सामने बड़ा लक्ष्य खड़ा कर दिया।
एवरेस्ट की कोशिश बेकार, महावीर महाराजास को हार
123 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी महावीर महाराजास की टीम ने अच्छा प्रयास किया, लेकिन निर्धारित 8 ओवर में 4 विकेट खोकर 99 रन ही बना सकी। टीम के कप्तान एवरेस्ट ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 48 रन बनाए। उनकी पारी में 4 छक्के और 4 चौके शामिल थे, लेकिन दूसरे बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके।
मेक मॉन्स्टर्स की सधी हुई गेंदबाजी और मजबूत फील्डिंग के सामने महावीर महाराजास की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और 24 रनों से मुकाबला गंवा बैठी। शानदार बल्लेबाजी के लिए ईशान सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

किरीबुरू किंग्स ने सारंडा सुल्तान को 4 विकेट से हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में किरीबुरू किंग्स और सारंडा सुल्तान की टीमें आमने-सामने थीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए सारंडा सुल्तान की टीम ने 8 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 84 रन बनाए।
टीम के कप्तान राहुल कुमार सेन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 60 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 6 छक्के और 4 चौके शामिल थे। हालांकि अन्य बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे सके, जिसके कारण टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।
85 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किरीबुरू किंग्स की टीम ने रोमांचक मुकाबले में 6 विकेट खोकर 86 रन बनाते हुए जीत हासिल कर ली। टीम की जीत के नायक वाहिद बने, जिन्होंने केवल 13 गेंदों में 42 रन की आक्रामक पारी खेली। उनकी पारी में 6 छक्के और 1 चौका शामिल था। शानदार प्रदर्शन के लिए वाहिद को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
न्यू कॉलोनी निंजास की शानदार जीत
तीसरे मुकाबले में न्यू कॉलोनी निंजास और माइनिंग बुल्स के बीच मुकाबला हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यू कॉलोनी निंजास की टीम ने 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 96 रन बनाए।
टीम के बल्लेबाज प्रिंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 गेंदों में 47 रन बनाए। उनकी पारी में 2 छक्के और 3 चौके शामिल थे। वहीं पी.के. जायसवाल ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 9 गेंदों में 21 रन बनाए, जिसमें 1 छक्का और 3 चौके शामिल रहे।
97 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी माइनिंग बुल्स की टीम 8 ओवर में 5 विकेट खोकर 70 रन ही बना सकी। टीम की ओर से ऋषिकेश रजक और अभिषेक ने 18-18 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। शानदार बल्लेबाजी के लिए प्रिंस को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
अंपायर और आयोजन में कई लोगों की अहम भूमिका
दिन भर चले इन मुकाबलों में अंपायर की भूमिका शिव कुमार महतो और सुजीत राय ने निभाई। टूर्नामेंट के दौरान मैदान में दर्शकों का उत्साह भी देखने लायक था और हर चौके-छक्के पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
इस अवसर पर सेल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में महाप्रबंधक मनोज कुमार, महाप्रबंधक योगेश प्रसाद राम, उप महाप्रबंधक सरस साहू, मेघाहातुबुरु खदान के ऑफिसर्स एसोसिएशन (जेजीओएम) के अध्यक्ष अवधेश कुमार, डॉ. मनोज कुमार, मोहन कुमार, आलोक वर्मा, मृत्युंजय कुमार और रमेश सिन्हा सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

क्लब पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनमें क्लब अध्यक्ष राहुल कुमार सेन, सचिव प्रभात कुमार मिंज, पीयूष गोप, बीरबल गुड़िया, अनमोल पांडे, फरहान आलम, एमडी कैफ, ऋषिकेश रजक, दीपू रजक, विवेक कुमार गुप्ता, नागेश झा, एवरेस्ट प्रसाद, शहनाज और राजू सहित कई सदस्य सक्रिय रूप से आयोजन में जुटे हुए हैं।
15 मार्च को होंगे तीन अहम मुकाबले
एमपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के अगले दिन यानी 15 मार्च को भी तीन रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
शाम 6:30 बजे – किरीबुरू किंग्स बनाम मेक मॉन्स्टर्स
शाम 7:30 बजे – टाउनशिप टाइटंस बनाम महावीर महाराजास
रात 8:30 बजे – मेघाहातुबुरु मावेरिक्स बनाम न्यू कॉलोनी निंजास
इन मुकाबलों को लेकर दर्शकों में अभी से उत्साह देखा जा रहा है और क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर रोमांचक मैचों की उम्मीद है।













