सिंहभूम हलचल, डेस्क
सेल की किरीबुरू लौह अयस्क खदान में रविवार 15 मार्च की अहले सुबह करीब 4 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खदान में कार्यरत 100 टन क्षमता वाली कैटरपिलर–92 नंबर डंफर अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में डंफर के ऑपरेटर बादल राज बाल-बाल बच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में ऑपरेटर बादल राज को सीने तथा शरीर के अन्य हिस्सों में अंदरूनी चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सेल के किरीबुरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, ऑपरेटर बादल राज लोडेड डंफर को हिल-3 पहाड़ी से हॉपर की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान अचानक डंफर का इंजन बंद हो गया, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर पीछे की ओर लुढ़क गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हालांकि इस हादसे में डंफर को भी ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है और समय रहते स्थिति नियंत्रित हो जाने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
घटना के बाद सेल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। खदान प्रबंधन द्वारा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।














