रिपोर्ट शैलेश/संदीप
किरीबुरू थाना क्षेत्र में 26 जनवरी की दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना मेघाहातुबुरु जाने वाले मार्ग पर वन विभाग टावर के पास स्थित तीखे मोड़ पर हुई, जिसे पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है।

तीखे मोड़ पर हुआ भीषण हादसा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार किरीबुरू प्रोस्पेक्टिंग निवासी पवन करुवा अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से किरीबुरू से बड़ाजामदा की ओर जा रहा था। उसी दौरान सेल प्रबंधन की बस जनशताब्दी के यात्रियों को लेकर मेघाहातुबुरु की ओर लौट रही थी। जैसे ही बस वन विभाग टावर के पास तीखे मोड़ पर पहुंची, सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि बस के अंदर जा गिरे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक उछलकर बस के भीतर जा गिरे। इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक पवन करुवा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को राउरकेला रेफर
घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने पवन करुवा को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर कर दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस, लोगों में आक्रोश
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वन विभाग टावर के पास स्थित इस खतरनाक मोड़ पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा रेलिंग जैसे पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।














