पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर कराया पोस्टमार्टम, परिजनों में मातम
सरायकेला-खरसावां। जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के मानीडीह गांव में एक दर्दनाक हादसे में किशोर की मौत हो गई। गांव स्थित तालाब में डूबने से 16 वर्षीय लक्ष्मण सिंह मुंडा की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मण सिंह मुंडा रविवार को तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कुचाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेजा। मेडिकल जांच के बाद शव को अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप दिया गया।
कुचाई पुलिस ने इस मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पढ़ाई में होनहार था लक्ष्मण
मृतक लक्ष्मण सिंह मुंडा मानीडीह गांव का ही निवासी था और कक्षा नौ का छात्र था। परिवार में वह माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जबकि उसकी तीन बहनें हैं। बेटे की आकस्मिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में इस घटना से गमगीन माहौल है। ग्रामीणों ने तालाब में सुरक्षा व्यवस्था की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों, इसके लिए प्रशासन को पहल करनी चाहिए।