गुवा संवाददाता।
आज बुधवार दोपहर करीब 1:00 बजे बड़ाजामदा–राउरकेला मुख्य मार्ग पर बरायबुरु आरजीएम खदान क्षेत्र के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। विपरीत दिशा से आ रहे एक हाईवा वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार बड़ाजामदा से राउरकेला की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे हाईवा ने अचानक उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक उछलकर करीब 10 मीटर दूर जा गिरा, जिससे उसका एक पैर टूट गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए घायल युवक को सड़क से उठाकर किरीबुरू सेल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है, लेकिन खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक घायल युवक रेलवे विभाग का कर्मचारी है। हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग एवं पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हाईवा चालक की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और नियमित जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।














