भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

नेपाल में बेच दिए गए 11 नाबालिगों का मामला: चाईबासा पुलिस की बड़ी कामयाबी, 6 बच्चे काठमांडु से रेस्क्यू

On: December 19, 2025 5:57 AM
Follow Us:
---Advertisement---

 

शिक्षा के नाम पर षड्यंत्र, दो बच्चे भागकर लौटे; पुलिस–प्रशासन की संयुक्त टीम ने नेपाल के भक्तपुर से कराया सुरक्षित वापस

रिपोर्ट शैलेश सिंह।

शिक्षा के नाम पर मानव तस्करी का सनसनीखेज खुलासा

दिनांक 11.11.2025 को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रांगामाटी के ग्रामीणों के साथ बड़ा षड्यंत्र सामने आया। ग्राम मटकमहातु (खूँटपानी) निवासी मुण्डा राम जोन्को एय एवं नारायण कांडेयांग द्वारा रांगामाटी गांव के 11 नाबालिग बच्चों को बेहतर शिक्षा का झांसा देकर नेपाल (काठमांडु) भेज दिया गया। आरोप है कि बच्चों को वहां बेच दिया गया।

दो नाबालिगों की हिम्मत, घर लौटकर खोला राज

नेपाल भेजे गए बच्चों में से 02 नाबालिग किसी तरह भागकर अपने घर लौट आए। उनकी आपबीती के बाद गांव में हड़कंप मच गया और पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ।

परिजन की शिकायत पर दर्ज हुआ गंभीर कांड

ग्राम रांगामाटी निवासी सालुका बोयपाई (उम्र करीब 32 वर्ष), पिता– चमरा बोयपाई ने दिनांक 09.12.2025 को अहतु थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनके नाबालिग पुत्र सहित गांव के 10 अन्य बच्चों को षड्यंत्र के तहत नेपाल ले जाकर बेच दिया गया है।
इस पर अहतु थाना कांड सं0– 05/25 (दिनांक 09.12.2025) दर्ज किया गया।
मामला BNS की धारा 143(1), 143(5), 137(1)(a), 61 के तहत नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध पंजीकृत किया गया।

उपायुक्त–एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन

घटना की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने नेपाल प्राधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई शुरू की।

काठमांडु के भक्तपुर से 6 नाबालिगों का रेस्क्यू

संयुक्त कार्रवाई के तहत नेपाल के काठमांडु (भक्तपुर) स्थित नामोबुद्धा मेडिटेशन एवं एजुकेशनल संस्थान से कुल 06 नाबालिग बच्चों को विधिवत रेस्क्यू किया गया। सभी बच्चों को सुरक्षित भारत लाकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।

अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांड में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और शेष बच्चों की बरामदगी को लेकर भी प्रयास जारी हैं।

विशेष छापामारी टीम में शामिल अधिकारी

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में निम्न अधिकारियों/कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई—

1. श्री बहामन टुटी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चाईबासा

2. श्री उपेन्द्र कुमार, अंचल अधिकारी, सदर चाईबासा

3. पु०अ०नि० विनोद कुमार, थाना प्रभारी, मुफ्फसिल थाना

4. पु०अ०नि० मिथुन कुमार, मुफ्फसिल थाना

5. पु०अ०नि० दशरथ जामुदा, पाण्ड्राशाली ओपी

6. मो० इमरान, चाइल्ड लाइन, चाईबासा

पुलिस की अपील: सूचना दें, पहचान रहेगी गुप्त

चाईबासा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल मोबाइल नंबर 9508243546 पर दें।
सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment