घटनास्थल पर गिरा मोबाइल बना पुलिस के लिए अहम सुराग
रिपोर्ट शैलेश सिंह।
गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सारंडा के रोवाम गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बार फिर बकरी पालन करने वाले आदिवासी परिवार को निशाना बनाया। रोवाम गांव निवासी कूदा सिद्धू के घर से चोरों ने तीन बकरियों की चोरी कर ली और चार पहिया वाहन से फरार हो गए।

चोरी के दौरान गिरा चोरों का मोबाइल
घटना के बाद जब परिजन घर के आसपास तलाश कर रहे थे, तो घटनास्थल पर एक मोबाइल फोन पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि चोरी के दौरान यह मोबाइल चोरों से गिर गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह मोबाइल पुलिस के लिए चोरों तक पहुंचने का एक बड़ा सुराग साबित हो सकता है।

सारंडा में बकरी चोरी का बढ़ता नेटवर्क
रोवाम गांव ही नहीं, बल्कि सारंडा क्षेत्र के आसपास के कई गांवों में बीते कुछ महीनों के दौरान बकरी चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार अब तक दर्जनों परिवारों की सैकड़ों बकरियां चोरी हो चुकी हैं, लेकिन चोरों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
गरीब आदिवासी परिवारों की आजीविका पर हमला
सारंडा क्षेत्र के गरीब आदिवासी ग्रामीणों के लिए बकरी पालन आजीविका का प्रमुख साधन है। बकरियों की बिक्री से ही ये परिवार बच्चों की पढ़ाई, इलाज और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करते हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ता जा रहा है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने गुवा थाना पुलिस से मोबाइल फोन के आधार पर चोरों की शीघ्र पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो चोरों का मनोबल और बढ़ेगा और बकरी पालन करने वाले गरीब परिवार पूरी तरह तबाह हो जाएंगे।














