भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

डायन के आरोप में मां-बेटे को जिंदा जलाया, चार आरोपी गिरफ्तार

On: February 18, 2026 6:54 PM
Follow Us:
---Advertisement---

कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के कुदासाई कलाइया गांव की दिल दहला देने वाली घटना, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर किया खुलासा

रिपोर्ट: शैलेश सिंह
कुमारडुंगी थाना अंतर्गत कुदासाई कलाइया गांव में डायन के आरोप में एक परिवार पर हमला कर पत्नी एवं मासूम बच्चे को जिंदा जला देने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना 18 फरवरी 2026 की सुबह करीब 06:10 बजे की बताई जा रही है। इस हृदयविदारक वारदात में पति गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि पत्नी और बच्चे की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर रफाएल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा और विधिवत अनुसंधान प्रारंभ किया।

डायन प्रथा के शक में अमानवीय हत्या

प्राथमिकी वादी कोल्हान सिंकू (40 वर्ष), पिता स्व. लेको सिंकू, ग्राम कुदासाई कलाइया के फर्दबयान के आधार पर कुमारडुंगी थाना कांड संख्या 06/2026, दिनांक 18.02.2026 दर्ज किया गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1)/238/61(2) एवं डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3/4 के तहत अपराध पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोप है कि गांव की कुछ महिलाओं एवं पुरुषों ने पीड़ित परिवार को डायन बताकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे पत्नी और बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई।

चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार

पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
रसिका उर्फ चेचे बिरुवा (29 वर्ष)
जेना बिरुवा (19 वर्ष)
सोना बिरुवा (36 वर्ष)
डेलका सिंकू (20 वर्ष)
सभी आरोपी ग्राम कलाईया, टोला कुदासाई, थाना कुमारडुंगी के निवासी हैं। इस कांड में संलिप्त अन्य 2-3 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पेट्रोल का डिब्बा बरामद

घटनास्थल से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त प्लास्टिक का 5 लीटर का सफेद डिब्बा बरामद किया है, जिसमें लगभग आधा लीटर पेट्रोल शेष पाया गया। इसे जब्त कर साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया है।

फॉरेंसिक जांच से जुटाए जा रहे वैज्ञानिक साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए State Forensic Science Laboratory Jharkhand की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम द्वारा वैज्ञानिक तरीके से जांच कर साक्ष्य संकलन किया जा रहा है, ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

छापामारी दल में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर रफाएल मुर्मू, पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा, पु.अ.नि. मिलन करमाली (प्रभारी, कुमारडुंगी थाना), पु.अ.नि. धीरज कुमार यादव (थाना प्रभारी, मझगांव), पु.अ.नि. गार्टी सुंडी, स.अ.नि. सुनील कुमार यादव सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

समाज के लिए शर्मनाक घटना

यह घटना झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी जीवित अंधविश्वास और डायन प्रथा की भयावह तस्वीर को उजागर करती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अमानवीय घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अंधविश्वास से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment