रिश्तों का खून, सनसनीखेज वारदात
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा पुलिस ने किया है। भतीजे ने अपनी ही फुफू की धारदार टांगी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

आवेदन से खुला मामला
मामले की शुरुआत आवेदक राकेश सिंकु (26 वर्ष), निवासी बलिया, थाना जगन्नाथपुर के लिखित आवेदन से हुई। उन्होंने अपनी फुफू टुरिया गगराई (50 वर्ष), निवासी चिरूपासया की हत्या की सूचना दी। इस आधार पर जेटेया थाना कांड संख्या 04/2026, दिनांक 10 अप्रैल 2026 को धारा 103(1)/238(a) भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की सक्रियता, तुरंत बनी टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल छापामारी टीम का गठन किया और जांच शुरू की। लगातार छापेमारी और ग्रामीणों से पूछताछ के जरिए पुलिस ने सुराग जुटाए।
कपड़ों से खुला राज
घटनास्थल से बरामद हरे रंग का टी-शर्ट और नीले रंग का पैंट जांच का अहम सुराग बना। ग्रामीणों ने बताया कि ये कपड़े चिरूपासया निवासी गागा गगराई (30 वर्ष) के हैं। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
अंधविश्वास ने ली जान
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका उसे लंबे समय से ताना मारती थी कि वह मंदिर में पूजा कराकर उसे और उसकी पत्नी को बीमार करवा देगी। इस अंधविश्वास से उपजे डर और गुस्से ने उसे हत्या के लिए उकसाया।
सुनियोजित हत्या की साजिश
9 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:30 बजे आरोपी ने टुरिया गगराई को अपने घर के पास देखा। उसने टांगी लेकर आम के पेड़ के पास घात लगाई और मौका मिलते ही महिला पर हमला कर दिया।
बेरहमी से की गई हत्या
आरोपी ने पहले पेट पर जोरदार वार किया और जमीन पर गिरने के बाद सिर (कानपट्टी) पर दोबारा हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के दौरान उसने पहचान छुपाने के लिए अपने कपड़े भी उतार दिए थे।
शव छुपाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने शव को करीब 500 मीटर दूर एक गड्ढे में छिपा दिया और फरार हो गया। बाद में उसने टांगी को कुचिका नदी के पास पानी में फेंक दिया।
हथियार बरामद, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली। घटनास्थल से खून लगा मिट्टी, गमछा, टी-शर्ट और पैंट भी जब्त किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
छापामारी टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में अनु०पु०पदा० रफाएल मुर्मू, पु०नि० बासुदेव मुण्डा, थाना प्रभारी बोअस गुंडु, संजीत कुमार रजक एवं सैट-56 के जवान शामिल थे।
समाज के लिए चेतावनी
यह घटना समाज में बढ़ते अंधविश्वास, मानसिक तनाव और रिश्तों में बढ़ती कड़वाहट का खतरनाक संकेत है। ऐसे मामलों में जागरूकता और सामाजिक हस्तक्षेप बेहद जरूरी हो गया है।












