रिपोर्ट: शैलेश सिंह
किरीबुरू। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के किरीबुरू क्लस्टर में गुरुवार 5 मार्च को महिला समूहों की सदस्यों ने उत्साह और उमंग के साथ होली का पर्व मनाया। इस अवसर पर विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एकत्रित हुईं और आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के वातावरण में एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक होली गीतों पर नृत्य भी किया और सामूहिक रूप से होली मिलन समारोह का आनंद उठाया। रंगों के इस उत्सव में महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
महिलाओं ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे का प्रतीक है। इस तरह के आयोजनों से समूह की महिलाओं के बीच आपसी संबंध और भी मजबूत होते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर एक-दूसरे को होली की बधाई दी और समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।












