रिपोर्ट: शैलेश सिंह
जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक सोनाराम सिंकु एक बार फिर जिले के विकास को गति देने के लिए मजबूती से सामने आए हैं। क्षेत्र के विकास कार्यों में आ रही प्रशासनिक अड़चनों को दूर कराने में उनकी सक्रियता लगातार मिसाल बनती जा रही है।
हाल ही में चाईबासा प्रमंडल में दो माह से अधिक समय से रिक्त पड़े प्रभारी कार्यपालक अभियंता के पद पर नियुक्ति कराकर उन्होंने विकास कार्यों को पटरी पर लाने का सराहनीय कार्य किया था। अब उन्होंने लघु सिंचाई विभाग में उत्पन्न हुई गंभीर प्रशासनिक समस्या को लेकर भी ठोस पहल की है।

मुख्य अभियंता का पद रिक्त, योजनाएं ठप
जानकारी के अनुसार, लघु सिंचाई प्रक्षेत्र रांची के मुख्य अभियंता मनोहर प्रसाद के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद पिछले लगभग दो माह से रिक्त पड़ा हुआ है। इस कारण जिला स्तर पर DMFT फंड से स्वीकृत 50 से अधिक विकास योजनाओं की निविदा प्रक्रिया पूरी तरह अटकी हुई है।
जिला के संवेदकों ने जब इस गंभीर स्थिति से विधायक सोनाराम सिंकु को अवगत कराया, तो उन्होंने इसे जिले के विकास के साथ अन्याय बताया और तुरंत प्रशासनिक स्तर पर पहल शुरू कर दी।
उपायुक्त को पत्र लिखकर मांगा समाधान
विधायक सोनाराम सिंकु ने जिले के उपायुक्त चंदन कुमार को पत्र लिखकर निविदा निष्पादन की प्रक्रिया को सरल व शीघ्र पूर्ण करने हेतु ठोस दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि—
“मुख्य अभियंता के पद के रिक्त रहने से जिले का विकास रुक गया है। इसे अविलंब दूर किया जाना चाहिए ताकि जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।”
जल्द होगी अभियंताओं की बैठक
सूत्रों के अनुसार, बहुत जल्द उपायुक्त के साथ अभियंताओं की एक अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें लघु सिंचाई विभाग समेत अन्य एजेंसियों की निविदा प्रक्रिया को सुचारू करने पर निर्णय लिया जाएगा। इस बैठक से जिले की अटकी हुई योजनाओं को नई गति मिलने की पूरी उम्मीद है।
विकास के प्रति प्रतिबद्धता की मिसाल
विधायक सोनाराम सिंकु की यह पहल यह साबित करती है कि वे केवल राजनीतिक प्रतिनिधि नहीं, बल्कि जिले के विकास के सच्चे प्रहरी हैं। जहां प्रशासनिक शिथिलता विकास कार्यों को रोक रही थी, वहां उन्होंने अपनी इच्छाशक्ति और संवेदनशील नेतृत्व से समाधान का रास्ता खोल दिया।
उनकी सक्रियता से यह स्पष्ट संदेश गया है कि— जगन्नाथपुर और चाईबासा क्षेत्र का विकास किसी भी हाल में रुकने नहीं दिया जाएगा।

जनता में बढ़ा भरोसा
विधायक की इस पहल से संवेदकों के साथ-साथ आम जनता में भी सकारात्मक संदेश गया है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही DMFT की योजनाओं पर काम शुरू होगा और सड़कों, सिंचाई, जलापूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाओं को गति मिलेगी।













