झाड़बेड़ा के पास 3 बजे से ठप आवागमन, दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार — वन विभाग जुटा राहत कार्य में
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
सारंडा जंगल क्षेत्र में 7/8 अप्रैल की मध्य रात्रि आई तेज आंधी और भारी बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया। बड़ाजामदा-किरीबुरू-सैंडल-मनोहरपुर मुख्य सड़क मार्ग पर झाड़बेड़ा गांव के समीप एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर जाने से अहले सुबह करीब 3 बजे से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

सड़क पर गिरा विशाल पेड़, आवागमन पूरी तरह बाधित
तेज हवा और मूसलाधार बारिश के बीच अचानक पेड़ गिरने से मुख्य सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है, जिससे रोजाना खनन, परिवहन और आम लोगों का आवागमन होता है।
पेड़ गिरते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्रक, बस, निजी वाहन और बाइक सवार घंटों फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सुबह 3 बजे से जाम, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
घटना के बाद से ही सुबह 3 बजे से सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई है। कई लोग जरूरी कामों के लिए निकल रहे थे, लेकिन अचानक रास्ता बंद होने से उन्हें बीच रास्ते में ही रुकना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश और आंधी के कारण रात में ही पेड़ गिर गया था, लेकिन अंधेरा होने के कारण तुरंत हटाया नहीं जा सका।
वन विभाग की टीम मौके पर, हटाने का कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को अवगत करा दिया गया। टीम मौके पर पहुंचकर सड़क के बीच गिरे पेड़ को हटाने के काम में जुट गई है।
कटाई और सफाई कार्य जारी है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही सड़क को फिर से चालू कर दिया जाएगा।

बारिश से बढ़ा खतरा, सावधानी की जरूरत
पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण सारंडा क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। सड़क किनारे पुराने और कमजोर पेड़ कभी भी गिर सकते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।













