रिपोर्ट: शैलेश सिंह।
झारखंड विधानसभा के सदस्य एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने अपने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गुवा-सलाई सड़क (किमी 2.00 से 29.00) की दर्जनीय स्थिति पर गंभीर चिंता जताई है।
उन्होंने इस सड़क के लिए IRQP (Intermediate Road Quality Programme) कार्य के प्रशासनिक स्वीकृति हेतु पथ निर्माण विभाग, झारखंड, रांची के प्रधान सचिव को एक पत्र लिखकर शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया है।

सड़क की स्थिति बेहद खराब: विधायक सिंकु
अपने पत्र में विधायक सोनाराम सिंकु ने उल्लेख किया कि गुवा-सलाई सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि स्थानीय निवासियों एवं राहगीरों को आवागमन में अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस पथ का अंतिम बार चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य वर्ष 2019-20 में हुआ था, लेकिन वर्तमान में सड़क पर गड्ढे और क्षरण की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
2025-26 में प्रस्ताव समर्पित कर कार्य आरंभ की मांग
विधायक ने अपने पत्र में आग्रह किया कि वर्ष 2025-26 में इस सड़क पर IRQP कार्य हेतु प्रस्ताव समर्पित किया जाए और विभाग तत्काल प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करे, ताकि कार्य में अनावश्यक विलंब न हो।
उनका कहना है कि यह सड़क क्षेत्रीय संपर्क और आर्थिक गतिविधियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
तकनीकी त्रुटियों के कारण प्रस्ताव लौटा: अधीक्षण अभियंता का जवाब
वहीं इस संबंध में पथ निर्माण विभाग, पथ अंचल, चाईबासा के अधीक्षण अभियंता द्वारा कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, मनोहरपुर को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि प्रस्तावित IRQP कार्य (किमी 2.00 से 29.00) के प्राक्कलन में कई तकनीकी त्रुटियां हैं, जिसके चलते इसे वापस कर दिया गया है।
क्या थीं प्रस्ताव में कमियां?
अधीक्षण अभियंता द्वारा दिनांक 18.03.2025 को भेजे गए पत्र में निम्नलिखित मुख्य कमियों का उल्लेख किया गया:
1. पूर्व में हुए कार्य का सही विवरण नहीं:
समर्पित सील कोर्ट चार्ट के अनुसार किमी 0.00 से 2.00 तक वर्ष 2023-24 में PQC (Pavement Quality Concrete) कार्य पहले ही संपादित किया जा चुका है।
जबकि प्रस्ताव में IRQP कार्य पूरे 2.00 से 29.00 किमी तक प्रस्तावित किया गया है, जो तकनीकी रूप से गलत है।
2. पूर्व स्वीकृत मरम्मत कार्य का कोई उल्लेख नहीं:
मुख्य अभियंता (ग्रामीण), पथ निर्माण विभाग, रांची के ज्ञापांक 1971 (दिनांक 25.11.2022) के अनुसार किमी 12.00 से 29.00 तक साधारण मरम्मत कार्य की स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी है।
इस स्वीकृति का कोई विवरण प्रतिवेदन या चार्ट में नहीं दिया गया, जिससे प्रस्ताव की पारदर्शिता पर प्रश्न उठते हैं।

2025-26 में संशोधित प्रस्ताव समर्पित करने का निर्देश
उक्त त्रुटियों को देखते हुए अधीक्षण अभियंता, चाईबासा ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि संबंधित कार्य हेतु संशोधित प्रस्ताव वर्ष 2025-26 में दोबारा समर्पित किया जाए।
उन्होंने कहा कि पुराने कार्यों का समुचित उल्लेख और तकनीकी मानकों के अनुरूप प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाना आवश्यक है, तभी प्रशासनिक स्वीकृति दी जा सकती है।
क्षेत्रीय जनता की अपेक्षाएं
गुवा-सलाई सड़क क्षेत्रीय लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण:
स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी हो रही है,
आपातकालीन सेवाएं (जैसे एम्बुलेंस) समय पर नहीं पहुंच पा रही हैं,
और किसान, व्यापारी सहित आम लोग प्रति दिन जाम और दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
ऐसे में स्थानीय लोग आशा कर रहे हैं कि सरकार एवं विभाग शीघ्र संज्ञान लें और कार्य को प्राथमिकता दें।

विधायक सिंकु की सक्रियता सराहनीय
विधायक सोनाराम सिंकु ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि वे अपने क्षेत्र की सड़कों और आधारभूत ढांचे को सशक्त और जनहितकारी बनाना चाहते हैं।
उनकी इस पहल को स्थानीय जनता का समर्थन भी मिल रहा है, जो वर्षों से इस सड़क के पुनर्निर्माण की मांग कर रही थी।















