रिपोर्ट: शैलेश सिंह
थलकोबाद। दिनांक 09 जनवरी 2026 को 26वीं बटालियन के० री०पु०बल (सीआरपीएफ) द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विश्वास निर्माण और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री राजीव रंजन (कमांडेंट), 26वीं बटालियन के दिशा-निर्देशानुसार तथा श्री सुबीर कुमार मण्डल (सहायक कमांडेंट), समवाय अधिकारी ई/26वीं बटालियन के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर जूलियस एक्का, सहायक उपनिरीक्षक (सिविल पुलिस) एवं ग्राम के सक्रिय सामाजिक प्रतिनिधि विकाश होंगा (मुंडा) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम थलकोबाद में किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों ने भाग लिया।
शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत ग्राम थलकोबाद के स्कूली बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया। बच्चों को पेन, पेंसिल, रबर, नोटबुक, स्ट्रीमेंट बॉक्स (ज्यामिति बॉक्स) और स्कूल बैग प्रदान किए गए। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। ग्रामीणों का कहना था कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए इस तरह की सहायता शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
सुरक्षा बल और जनता के बीच विश्वास का सेतु
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सिविक एक्शन प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा बलों और आम जनता के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ न केवल क्षेत्र की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि सामाजिक सरोकारों को भी गंभीरता से निभा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।

ग्रामीणों ने जताया आभार
ग्रामवासियों ने इस पहल के लिए 26वीं बटालियन के अधिकारियों और जवानों का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि दूरदराज और संवेदनशील क्षेत्रों में इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के भविष्य को संवारने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं। ग्रामीण प्रतिनिधि विकाश हुनहुंगा (मुंडा) ने कहा कि सुरक्षा बलों की यह पहल गांव के बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
बच्चों में दिखा नया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई बच्चों ने कहा कि उन्हें पहली बार इतने व्यवस्थित ढंग से स्कूल सामग्री मिली है, जिससे उनकी पढ़ाई में सुविधा होगी। शिक्षकों और अभिभावकों ने भी इस पहल को सराहते हुए कहा कि इससे बच्चों का स्कूल के प्रति लगाव बढ़ेगा और ड्रॉपआउट की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
सिविक एक्शन प्रोग्राम के माध्यम से 26वीं बटालियन ने यह संदेश दिया कि सुरक्षा और विकास साथ-साथ चलते हैं। शिक्षा को मजबूत कर ही किसी भी क्षेत्र में स्थायी शांति और प्रगति संभव है। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने ग्रामीणों से सहयोग बनाए रखने की अपील की और भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने का भरोसा दिलाया।
इस प्रकार ग्राम थलकोबाद में आयोजित यह सिविक एक्शन प्रोग्राम न केवल बच्चों के लिए उपयोगी साबित हुआ, बल्कि सुरक्षा बलों और ग्रामीण समाज के बीच भरोसे और सहभागिता को और अधिक मजबूत करने वाला कदम भी बना।














