60 फुट लंबे रावण का पुतला बना आकर्षण, हजारों दर्शकों की उमड़ेगी भीड़
रिपोर्ट – शैलेश सिंह
मेघाहातुबुरु। दुर्गा पूजा उत्सव की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मेघाहातुबुरु दुर्गा पूजा कमिटी इस वर्ष भी भव्य रावण दहन का आयोजन करने जा रही है। कार्यक्रम 2 अक्टूबर की रात 8 बजे से धूमधाम के साथ आयोजित होगा।

कमिटी की ओर से लगभग 60 फुट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है। विशाल आकार और कलात्मक ढंग से बनाए जा रहे इस पुतले को देखने के लिए स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है।
जिले का सबसे बड़ा आयोजन
मेघाहातुबुरु का रावण दहन जिले का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक आयोजन माना जाता है। हर साल यहां का दृश्य देखने के लिए झारखंड के अलावा उड़ीसा और बंगाल से भी हजारों लोग उमड़ते हैं।
आतिशबाजी बनेगी मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम की खास पहचान रावण दहन से पूर्व की जाने वाली रंग–बिरंगी आतिशबाजी है, जो पूरे वातावरण को रोशन कर देती है। आयोजकों का दावा है कि इस वर्ष आतिशबाजी और भी भव्य होगी।
पैर रखने की जगह नहीं
पिछले वर्षों की तरह इस बार भी मेले जैसा माहौल बनने की संभावना है। भीड़ इतनी उमड़ती है कि मैदान में पैर रखने तक की जगह नहीं मिलती। प्रशासन और कमिटी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है।













