डीसी-एसपी ने हरी झंडी दिखाकर तीन पोषण रथ एवं सेविका स्कूटी रैली को किया रवाना
रिपोर्ट: शैलेश सिंह।
पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय परिसर से शनिवार को राष्ट्रीय पोषण माह-2025 की शुरुआत हुई। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक श्री अमित रेनू ने संयुक्त रूप से तीन पोषण रथ एवं सेविका स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र भ्रमण के लिए रवाना किया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त श्री संदीप कुमार मीणा, अपर उपायुक्त श्री प्रवीण केरकेट्टा, सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी श्री संदीप अनुराग, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती श्वेता भारती समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

कुपोषण मुक्त झारखंड का संकल्प
इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने “सही पोषण-देश रोशन” का शपथ लिया। जन-जागरूकता के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान और पोषण पर आधारित सेल्फी गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
उपायुक्त का संबोधन
उपायुक्त श्री चंदन कुमार ने कहा कि हर वर्ष सितंबर माह में पूरे देशभर में राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जाता है। इसके तहत पोषण जागरूकता, स्वास्थ्य और कुपोषण से मुक्ति के लिए अभियान चलाए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष का थीम “सही पोषण-स्वस्थ जीवन” है। 17 सितंबर से 16 अक्टूबर 2025 तक चलने वाले इस आठवें राष्ट्रीय पोषण माह का विशेष फोकस महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, एनीमिया की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य, प्रसव पूर्व जांच और पोषण परामर्श पर होगा।

जनभागीदारी पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान में सभी सरकारी विभागों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि हर घर तक पोषण जागरूकता पहुंचे और कुपोषण से मुक्ति का लक्ष्य हासिल किया जा सके।

प्रमुख विषय
राष्ट्रीय पोषण माह-2025 के तहत निम्नलिखित विषयों पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे–
मोटापा कम करना: चीनी, नमक और तेल का सेवन घटाना।
प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा: पोषण भी, पढ़ाई भी।
वृद्धि निगरानी।
शिशु और छोटे बच्चों को खिलाने के सही तरीके।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान।
पोषण में पुरुषों की भागीदारी सुनिश्चित करना।
“लोकल का स्वर”: प्रतिदिन के आहार में स्थानीय भोजन को बढ़ावा देना।














