रामनवमी की शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से निकलेगी, बाहरी कलाकारों को नहीं बुलाने का निर्णय – अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
आगामी ईद, रामनवमी और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर किरीबुरू थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रोहित कुमार ने की, जबकि इस दौरान एसआई जितेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में क्षेत्र की सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखने का संकल्प लिया।

प्रेम और भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे सभी पर्व
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्षेत्र में ईद, रामनवमी और सरहुल जैसे सभी प्रमुख पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएंगे।
सभी लोगों ने यह भी तय किया कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं दिया जाएगा। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध सूचना मिलती है तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन को दी जाएगी, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
रामनवमी की शोभायात्रा होगी शांतिपूर्ण
बैठक में रामनवमी की शोभायात्रा को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी शोभायात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से निकाली जाएगी।
साथ ही यह भी तय किया गया कि शोभायात्रा में बाहरी कलाकारों को करतब दिखाने के लिए नहीं बुलाया जाएगा। स्थानीय युवक और कलाकार ही अपनी पारंपरिक कला और प्रदर्शन के माध्यम से कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।

पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बैठक में मौजूद लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी पर्व-त्योहार क्षेत्र की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग मिलकर सहयोग करेंगे तो त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है। उन्होंने लोगों से यह भी आग्रह किया कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
शांति समिति की बैठक में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इस दौरान मुखिया पार्वती कीड़ों, मुखिया प्रफ्फुलित ग्लोरिया टोपनो, राज नारायण शर्मा, संतोष प्रसाद, छोटू सिंह, रब्बे आलम, सुनीता सिंह, शिव कुमार गुप्ता, दीपक ठाकुर, आलम अंसारी, गीता गुईया, कुमुद हेंब्रम, सूरज सिंह, उषा गोप, जेमा कारूवा, नवल कुमार और अरविंद कुमार भगत सहित कई लोग मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी ने मिलकर क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारे का माहौल बनाए रखने का संकल्प लिया।














