भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

बाईहातु गांव में तीन दिवसीय फुटबॉल एवं खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

On: February 18, 2026 5:04 PM
Follow Us:
---Advertisement---

सीएसआर योजना के तहत ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच, महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

गुवा संवाददाता।

Steel Authority of India Limited (सेल) के गुवा प्रबंधन द्वारा अपनी कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत बाईहातु गांव में तीन दिवसीय फुटबॉल एवं खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को उत्साहपूर्ण और जोश से भरे माहौल में किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों की बड़ी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन एक उत्सव का रूप लेता नजर आया।

अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय कर बढ़ाया उत्साह

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार रहे। उनके साथ मुख्य महाप्रबंधक (एचआर) के. डी. मिश्रा, महाप्रबंधक (कॉन्ट्रैक्ट) बी. के. सुमन, महाप्रबंधक (मैकेनिकल) आर. के. सिन्हा, डीजीएम (सीएसआर) अनिल कुमार एवं डीजीएम (माइनिंग) सी. एन. चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन करने से हुई।

पहले दिन चार गांवों की टीमों ने लिया भाग

प्रतियोगिता के पहले दिन फुटबॉल मुकाबलों में जोजोगुटू, राजाबेड़ा, तितलीघाट एवं बाईहातु गांव की टीमों ने भाग लिया। दर्शकों से भरे मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। ग्रामीणों ने तालियों और नारों से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।

महिला फुटबॉल मैच बना आकर्षण का केंद्र

उद्घाटन मैच महिलाओं के बीच जोजोगुटू और बाईहातु टीम के बीच खेला गया। मैच के शुरुआती समय में दोनों टीमों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन पहले हाफ तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
मध्यांतर के बाद जोजोगुटू टीम ने शानदार रणनीति के साथ एकमात्र गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। महिला खिलाड़ियों के जज्बे और खेल भावना को दर्शकों ने खूब सराहा।

हार-जीत से ऊपर खेल भावना: चंद्रभूषण कुमार

मुख्य अतिथि चंद्रभूषण कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों का समान महत्व है। हारने वाली टीम को निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि अगले वर्ष और बेहतर तैयारी के साथ मैदान में उतरना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुवा सेल प्रबंधन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। इसी क्रम में हर वर्ष इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है और खिलाड़ियों को जर्सी, फुटबॉल एवं अन्य खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की रही सक्रिय भागीदारी

इस अवसर पर गंगदा पंचायत के मुखिया राजू सांडिल, जाेजोगुट्टू गांव के मुंडा कानुराम देवगम सहित अनेक ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे युवाओं को नशा और गलत रास्तों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम बताया।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया गया। आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि ग्रामीण प्रतिभाओं को सही मंच मिले, तो वे भी बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment