आईपीएल की तर्ज पर खेले जा रहे एमपीएल में दूसरे दिन तीन मुकाबले, दर्शकों ने लिया रोमांचक क्रिकेट का आनंद
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
द लूज़र्स क्लब, मेघाहातुबुरु–किरीबुरू और सेल, मेघाहातुबुरु प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एमपीएल (मेघाहातुबुरु प्रीमियम लीग) क्रिकेट टूर्नामेंट में 11 मार्च को दूसरे दिन दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। आईपीएल की तर्ज पर खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में तीन मैच खेले गए, जिनमें मेघाहातुबुरु मावेरिक्स, मेक मॉन्स्टर्स और किरीबुरू किंग्स ने शानदार जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।

मावेरिक्स की रोमांचक जीत, माइनिंग बुल्स को 6 रन से हराया
दूसरे दिन खेले गए पहले मुकाबले में मेघाहातुबुरु मावेरिक्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए माइनिंग बुल्स को 6 रन से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मावेरिक्स की टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 8 विकेट खोकर 88 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान दीपू ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 7 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 16 रन बनाए। वहीं राज किशोर ने शानदार पारी खेलते हुए 17 गेंदों में 2 छक्के और 6 चौकों की मदद से 39 रन बनाए और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी माइनिंग बुल्स की टीम 6 विकेट के नुकसान पर 82 रन ही बना सकी। टीम की ओर से ऋषिकेश रजक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में 5 छक्के और एक चौके की मदद से 40 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
गेंदबाजी में मावेरिक्स के कप्तान दीपू ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 2 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मेक मॉन्स्टर्स ने सारंडा सुल्तान को 8 रन से हराया
दूसरे मुकाबले में मेक मॉन्स्टर्स ने सारंडा सुल्तान को 8 रन से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मेक मॉन्स्टर्स की टीम ने 8 ओवर में 6 विकेट खोकर 82 रन बनाए। टीम के कप्तान ईशान कठोते ने 28 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि आदित्य सिंह ने 25 रन का योगदान देकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारंडा सुल्तान की टीम 4 विकेट खोकर 74 रन ही बना सकी। टीम की ओर से विकाश महतो ने 37 रन और दीपक कुमार ने 22 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई।
शानदार प्रदर्शन के लिए आदित्य सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
किरीबुरू किंग्स ने न्यू कॉलोनी निंजाश को 6 रन से हराया
तीसरे मुकाबले में किरीबुरू किंग्स और न्यू कॉलोनी निंजाश के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें किंग्स ने 6 रन से जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए किरीबुरू किंग्स ने 8 ओवर में 4 विकेट खोकर 58 रन बनाए। टीम की ओर से सिकंदर ने 27 रन और पूरण घोष ने 20 रन की उपयोगी पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू कॉलोनी निंजाश की टीम 6 विकेट के नुकसान पर 52 रन ही बना सकी। टीम की ओर से हर्ष कुमार ने 12 रन का योगदान दिया।
गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले पूरण घोष को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अंपायरों ने निभाई अहम भूमिका
टूर्नामेंट के दौरान खेले गए मुकाबलों में शिव कुमार महतो और सुजीत राय ने अंपायर की भूमिका निभाई और खेल को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

सेल अधिकारियों और क्लब पदाधिकारियों की रही सक्रिय भूमिका
इस अवसर पर सेल के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें महाप्रबंधक मनोज कुमार, महाप्रबंधक योगेश प्रसाद राम, उप महाप्रबंधक सरस साहू समेत अन्य अधिकारी शामिल थे।
इसके अलावा मेघाहातुबुरु खदान के ऑफिसर्स एसोसिएशन (जेजीओएम) के अध्यक्ष अवधेश कुमार, डॉ. मनोज कुमार, मोहन कुमार, आलोक वर्मा, मृत्युंजय कुमार और रमेश सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में द लूज़र्स क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें क्लब के अध्यक्ष राहुल कुमार सेन, सचिव प्रभात कुमार मिंज, पीयूष गोप, बीरबल गुड़िया, अनमोल पांडे, फरहान आलम, एमडी कैफ, ऋषिकेश रजक, दीपू रजक, विवेक कुमार गुप्ता, नागेश झा, एवरेस्ट प्रसाद, शहनाज और राजू समेत कई सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

12 मार्च को होंगे तीन और रोमांचक मुकाबले
टूर्नामेंट के अगले दिन यानी 12 मार्च को भी तीन मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।
मैच कार्यक्रम इस प्रकार है –
शाम 6:30 बजे – टाउनशिप टाइटंस बनाम मेक मॉन्स्टर्स
शाम 7:30 बजे – मेघाहातुबुरु मावेरिक्स बनाम सारंडा सुल्तान्स
रात 8:30 बजे – महावीर महाराजास बनाम माइनिंग बुल्स
एमपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर मेघाहातुबुरु और किरीबुरू क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और हर दिन दर्शकों की बड़ी संख्या मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा रही है।













