डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स में रजत पदक जीतकर विद्यालय और जिले का नाम रोशन
नोवामुंडी : टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी के छात्र-छात्राओं ने खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हाल ही में अग्रसेन डीएवी पब्लिक स्कूल, बरीछ नगर, रामगढ़ में आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में विद्यालय की दो प्रतिभाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का मान बढ़ाया।
अंडर-14 वर्ग में कराटे खेल में छात्रा आस्था सिंह ने रजत पदक हासिल किया, वहीं अंडर-19 वर्ग में एथलेटिक्स (100 मीटर दौड़) में छात्र आदित्य प्रसाद पोडेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। अब दोनों छात्र आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जो नवंबर माह में आयोजित होने की संभावना है।
प्राचार्य और विद्यालय परिवार की प्रतिक्रिया
विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत कुमार भुइंयां ने दोनों छात्रों की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा,
“आस्था और आदित्य की सफलता से विद्यालय के अन्य छात्र भी प्रेरित होंगे। यह सिद्ध करता है कि हमारे विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।”
विद्यालय परिसर और अभिभावकों के बीच इस सफलता से उत्साह और खुशी का माहौल है।
खेल शिक्षक और सम्मान समारोह
विद्यालय के खेल शिक्षक हर्ष धनवार ने बताया कि दोनों छात्र अब राष्ट्रीय स्तर पर शिरकत करेंगे और इसके लिए वे कड़ी तैयारी में जुट गए हैं। इस उपलब्धि पर दोनों छात्रों को विद्यालय की प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में सम्मानित भी किया गया।