भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

ठाकुरा गांव और नुईया गांव की टीमों ने मारी बाजी

On: March 11, 2026 12:17 PM
Follow Us:
---Advertisement---

गुवा सेल के सीएसआर योजना के तहत आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में दिखा रोमांच

गुवा संवाददाता :
सेल गुवा प्रबंधन द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के तहत मंगलवार को गुवा सेल फुटबॉल मैदान में एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ग्रामीण खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पुरुष वर्ग में ठाकुरा गांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब जीता, जबकि महिला वर्ग में नुईया गांव की टीम विजेता बनकर उभरी।

अतिथियों ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार थे। उनके साथ महाप्रबंधक (कॉन्ट्रैक्ट) बी.के. सुमन, महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, महाप्रबंधक आर.के. सिंहा, महाप्रबंधक डॉ. टी.सी. आनंद, डीजीएम (सीएसआर) अनिल कुमार, नोवामुंडी भाग-एक की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, पंचायत समिति सदस्य रेखा प्रसाद, भादों टोप्पो तथा महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल में किक मारकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।

पुरुष वर्ग का फाइनल रहा बेहद रोमांचक

पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में ठाकुरा गांव और गुवासाई गांव की टीमें आमने-सामने थीं। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित समय में एक-एक गोल कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।
इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में भी दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। अंततः मैच का फैसला सिक्का उछालकर किया गया, जिसमें ठाकुरा गांव की टीम भाग्यशाली साबित हुई और विजेता बनकर कप पर कब्जा जमाया।

महिला वर्ग में नुईया गांव की टीम बनी विजेता

महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में नुईया गांव और लालजी हार्टिंग टीम के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं।
पेनल्टी शूटआउट में भी मुकाबला बराबरी पर रहा। अंततः सिक्का उछालकर विजेता घोषित किया गया, जिसमें नुईया गांव की टीम ने जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

खिलाड़ियों का बढ़ाया गया हौसला

मुख्य अतिथि चंद्रभूषण कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास सिखाता है। उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं और हारने वाली टीमों को निराश होने की जरूरत नहीं है, बल्कि अगली बार और बेहतर तैयारी के साथ मैदान में उतरना चाहिए।
उन्होंने बताया कि गुवा सेल प्रबंधन ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिवर्ष इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित करता है तथा खिलाड़ियों को खेल सामग्री, जर्सी और फुटबॉल भी उपलब्ध कराता है।

विजेता और उपविजेता टीमों को किया गया सम्मानित

प्रतियोगिता के अंत में विजेता और उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा कप प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला।

इन रेफरियों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

प्रतियोगिता को सफल बनाने में रेफरी के रूप में जीवन हंसदा, हरीश पूर्ति, रोहित जेराई, अनूप नाग, सुप्रीत किसान और महावीर सोलंकी ने अहम भूमिका निभाई।

10 टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा

इस फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने भाग लिया, जिनमें 4 महिला और 6 पुरुष टीम शामिल थीं। आयोजन के दौरान देवाशीष चक्रवर्ती, नरेश दास, पंचम जॉर्ज सोय, प्रभात हाजरा सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment