पिता दिवस, पल्ली दिवस और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंज उठा संत जोसेफ कैथोलिक चर्च किरीबुरू
रिपोर्ट शैलेश सिंह
आज 17 मई रविवार को संत जोसेफ कैथोलिक चर्च में पल्ली दिवस, संत जोसेफ मजदूर को समर्पित विशेष आराधना, पिता दिवस तथा बच्चों के प्रथम पवित्र परम प्रसाद ग्रहण समारोह का आयोजन बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ किया गया। पूरे दिन चर्च परिसर भक्तिमय माहौल, प्रार्थनाओं, गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजता रहा।

संत जोसेफ की प्रतिमा के साथ निकाली गई भव्य शोभायात्रा
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे संत जोसेफ की प्रतिमा के साथ भव्य प्रोसेशन से हुई। चर्च परिसर में निकाली गई इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ईसाई विश्वासी शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने प्रार्थना गीत गाते हुए संत जोसेफ के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। पूरे वातावरण में आध्यात्मिक उत्साह देखने को मिला।
प्रवेश नृत्य और गीत से हुआ पुरोहितों का स्वागत
प्रोसेशन के बाद विशेष प्रार्थना मिस्सा पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक प्रवेश नृत्य एवं गीत प्रस्तुत कर पूजा अनुष्ठान संपन्न कराने पहुंचे पुरोहितों का भव्य स्वागत किया। पूजा बेदी तक सभी पुरोहितों को सम्मानपूर्वक ले जाया गया।
समारोह में पहला पवित्र परम प्रसाद ग्रहण करने वाले बच्चे-बच्चियां सफेद वस्त्रों में बेहद आकर्षक दिख रहे थे। चर्च में उनका विशेष स्वागत किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर से पहुंचे मुख्य अनुष्ठानकर्ता फादर शुशील डुंगडुंग, सचिव बिशप ने विशेष प्रार्थना और संदेश दिया।
संत जोसेफ मजदूर के सम्मान में हुई विशेष आराधना
मिस्सा पूजा के उपरांत संत जोसेफ को समर्पित इस चर्च में प्रचारक अजीत बोदरा के नेतृत्व में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। उन्होंने संत जोसेफ मजदूर के जीवन, त्याग, सेवा और श्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए समाज को प्रेम, सेवा और एकता का संदेश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
धार्मिक अनुष्ठान के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए चाय एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई। इसके पश्चात चर्च परिसर स्थित हॉल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विभिन्न वार्डों के बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने गीत, नृत्य और धार्मिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे चर्च परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
प्रीति भोज में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु
समारोह के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रीति भोज का आयोजन किया गया। लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया और आपसी भाईचारे एवं प्रेम का संदेश दिया।
ये लोग रहे मुख्य रूप से उपस्थित
इस अवसर पर फादर संतोष डिसूजा, फादर पास्कल भुइया, एस होरो, सुजीत नारायण, रोशन परवीन, अमित, सुधा मार्गरेट, पुष्पा, लखारी, जीवन, नेहा, रोशन, प्रवीण सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं चर्च सदस्य उपस्थित रहे।














