रिपोर्ट : शैलेश सिंह
टाटा स्टील के रॉ मटेरियल्स डिवीजन की ओर से खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) और यूनियन के सहयोग से बुधवार को रांची के चाणक्य BNR होटल में त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रॉ मटेरियल्स डिवीजन के वेस्ट बोकारो, झरिया, OMQ और FAMD डिवीजनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

DGMS महानिदेशक ने की अध्यक्षता
बैठक की अध्यक्षता DGMS के महानिदेशक उज्ज्वल ताह ने की। इस अवसर पर DGMS के उप महानिदेशक (सेंट्रल जोन, धनबाद) आर. टी. मंडेकर, उप महानिदेशक (साउथ ईस्टर्न जोन, रांची) श्याम सुंदर प्रसाद सहित टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी नरेंद्र कुमार गुप्ता, सुशांत कुमार मिश्रा, देबाशीष जेना, मुकेश रंजन, नीरज सिन्हा और आगम कुमार मौजूद रहे।
सुरक्षा ब्रीफिंग से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सेफ्टी ब्रीफिंग और औपचारिक उद्घाटन के साथ हुई। राष्ट्रगीत, DGMS थीम सॉन्ग और दीप प्रज्ज्वलन के बाद स्वागत संबोधन एवं बैठक की पृष्ठभूमि प्रस्तुत की गई। औद्योगिक दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में एक मिनट का मौन भी रखा गया।

पिछली बैठकों के सुझावों की समीक्षा
बैठक में वेस्ट बोकारो, OMQ, FAMD और झरिया में हुई पिछली त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठकों में दिए गए सुझावों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। साथ ही खनन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने को लेकर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
‘जीरो हार्म’ संस्कृति पर जोर
बैठक में ‘जीरो हार्म’ संस्कृति को बढ़ावा देने, नई तकनीक अपनाने, विविधता, समानता एवं समावेशन को मजबूत करने तथा ग्रीन माइनिंग और सस्टेनेबिलिटी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशंस (OSH) कोड, 2020 तथा ऑक्यूपेशनल सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशंस (सेंट्रल) रूल्स, 2026 को अपनाने पर भी चर्चा हुई।
महिलाओं की भागीदारी की सराहना
DGMS महानिदेशक उज्ज्वल ताह ने खनन क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की। उन्होंने विभिन्न संगठनों के बीच एक-दूसरे से सीखने और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने की आवश्यकता पर जोर दिया। DGMS अधिकारियों के विचारों के बाद यूनियन प्रतिनिधियों और वेंडर पार्टनर्स ने भी अपने सुझाव रखे।

आगे की कार्ययोजना प्रस्तुत
आगे की कार्ययोजना संदीप कुमार ने प्रस्तुत की। इसके बाद DGMS महानिदेशक उज्ज्वल ताह ने समापन संबोधन दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
180 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
बैठक में टाटा स्टील और DGMS के वरिष्ठ अधिकारियों, यूनियन प्रतिनिधियों, वेंडर पार्टनर्स तथा कंपनी के अधिकारियों समेत करीब 180 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
सुरक्षा और बेहतर कार्य वातावरण पर संवाद
त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक टाटा स्टील, DGMS और यूनियन प्रतिनिधियों के लिए कार्यस्थल पर सुरक्षा को मजबूत करने तथा बेहतर और उत्पादक कार्य वातावरण विकसित करने से जुड़े विचारों एवं सुझावों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच बनी।
टाटा स्टील ने कर्मचारियों के कल्याण और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि कंपनी अपने हितधारकों के साथ सार्थक संवाद और सहयोग के माध्यम से खनन उद्योग के लिए सुरक्षित एवं टिकाऊ भविष्य के निर्माण की दिशा में लगातार काम कर रही है।













