भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

रक्षाबंधन पर फुटबॉल का महासंग्राम: लाली ब्रदर्स बड़बिल ने पेनाल्टी शूटआउट में रूपासाईं एंड रूपासाई को हराकर जीता खिताब

On: August 28, 2026 6:28 PM
Follow Us:
रक्षाबंधन पर फुटबॉल का महासंग्राम: लाली ब्रदर्स बड़बिल ने पेनाल्टी शूटआउट में रूपासाईं एंड रूपासाई को हराकर जीता खिताब
---Advertisement---

सारंडा की सबसे बड़ी फुटबॉल प्रतियोगिता में उमड़ा जनसैलाब, हजारों दर्शकों से पट गया बाकल हाटिंग का मैदान

रिपोर्ट : शैलेश सिंह

किरीबुरू। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी किंगफिशर एफसी, बाकल हाटिंग एवं प्रॉस्पेक्टिंग की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में झारखंड और ओड़िशा की कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। सारंडा क्षेत्र की इस प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ खेलप्रेमियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

हजारों दर्शकों से खचाखच भरा रहा मैदान

प्रतियोगिता को देखने के लिए सारंडा के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा झारखंड और ओड़िशा के दूर-दराज इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मैदान के चारों ओर हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शकों की भारी संख्या का आलम यह रहा कि बाकल हाटिंग से गुजरने वाली सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई बार यातायात भी प्रभावित हुआ।

मैदान के आसपास तरह-तरह की दुकानें, खाने-पीने के स्टॉल और अन्य अस्थायी दुकानें सजी रहीं। पूरे आयोजन स्थल पर मेले जैसा माहौल बना रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में फुटबॉल मुकाबलों को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

16 टीमों ने दिखाया दमखम

प्रतियोगिता में झारखंड और ओड़िशा की कुल 16 टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें नेगरो एफसी, कृष्णा एफसी, किल्लर बॉयज, निमतूर एफसी, लाली ब्रदर्स, ब्रेकर्स एफसी, बाबू VRS शंभू, क्रेटा एफसी, चंबल ब्रदर्स, राजकुमार एफसी, रूपासाईं एंड रूपासाई, सीएच केबीआर बॉयज, सन्नी एफसी, ब्लेंडर ब्रदर्स, केबीआर एफसी और जैसे-तैसे टीम शामिल रहीं।

दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। हर मैच के दौरान मैदान में खिलाड़ियों के शानदार पास, तेज आक्रमण, बेहतरीन डिफेंस और गोल बचाने की कोशिशों पर दर्शक जमकर तालियां बजाते और अपनी पसंदीदा टीम का उत्साह बढ़ाते नजर आए।

विजेता लाली ब्रदर्स

फाइनल में सांस रोक देने वाला रोमांच

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रूपासाईं एंड रूपासाई बोलनी और लाली ब्रदर्स बड़बिल के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक और रोमांचक खेल का प्रदर्शन किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों ने एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर कई हमले किए, लेकिन किसी भी टीम को गोल करने में सफलता नहीं मिली।

निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी स्कोर 0-0 रहा। इसके बाद मुकाबले का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से किया गया। पेनाल्टी शूटआउट में भी रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया और अंततः लाली ब्रदर्स बड़बिल ने रूपासाईं एंड रूपासाई बोलनी को 3-2 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।

Up vijeta रूपासाई एंड रूपासाई

फाइनल मुकाबले के दौरान मैदान में मौजूद हजारों दर्शक हर किक के साथ उत्सुकता से परिणाम का इंतजार करते रहे। निर्णायक पेनाल्टी के बाद विजेता टीम के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

सन्नी एफसी गुवा तीसरे स्थान पर

प्रतियोगिता में सन्नी एफसी गुवा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

तीसरी सन्नी एफसी की टीम

विजेता को खस्सी, जर्सी और 6 हजार रुपये का पुरस्कार

प्रतियोगिता में विजेता लाली ब्रदर्स बड़बिल को प्रथम पुरस्कार के रूप में खस्सी, जर्सी सेट एवं 6,000 रुपये प्रदान किए गए। वहीं उपविजेता रूपासाईं एंड रूपासाई बोलनी को खस्सी, जर्सी सेट एवं 5,000 रुपये का पुरस्कार दिया गया। तृतीय स्थान प्राप्त सन्नी एफसी गुवा को खस्सी एवं 3,000 रुपये देकर सम्मानित किया गया।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में भी खिलाड़ियों का जलवा

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

  • बेस्ट गोलकीपर — नरेंद्र नायक
  • बेस्ट डिफेंडर — संतोष
  • बेस्ट स्कोरर — सत्यवान
  • प्लेयर ऑफ द मैच — शिवा मुंडा

विधायक सोनाराम सिंकू ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

प्रतियोगिता को सफल बनाने में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग रहा। विधायक सोनाराम सिंकू की ओर से विजेता और उपविजेता टीम के लिए जर्सी सेट एवं फुटबॉल उपलब्ध कराया गया। इससे खिलाड़ियों और आयोजन समिति में उत्साह देखा गया।

किंगफिशर आयोजन समिति की मेहनत से सफल हुआ आयोजन

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में किंगफिशर आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में कुंदन मुन्दुइया, अमित कुमार दास, सोमा नाग, अर्जुन पान, साल्मोन कोंगारी, नलीन, कुदराई बानरा, एल्डर नाग, सनी, सोनू, प्रेमचंद, सुमित, समीर, शिवम, बोआश काण्डिर आदि शामिल रहे।

आयोजन समिति के सदस्यों ने पूरे दिन मैदान एवं दर्शकों की व्यवस्था संभालने के साथ प्रतियोगिता को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।

थाना प्रभारी रोहित कुमार खिलाड़ियों से परिचय लेते

मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसआई रंजीत कुमार मुंडा, वरिष्ठ पत्रकार शैलेश सिंह, बासु हेस्सा, बीरबल गुड़िया, सामू चरण सोय, जॉन पूर्ति, राहुल वर्मा, प्रवीण केरकेट्टा, सनी पूर्ति सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विजेता, उपविजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

रक्षाबंधन पर फुटबॉल का महासंग्राम: लाली ब्रदर्स बड़बिल ने पेनाल्टी शूटआउट में रूपासाईं एंड रूपासाई को हराकर जीता खिताब
फाइनलिस्ट दोनों टीमों के साथ अतिथि

फुटबॉल ने बांधा पूरे क्षेत्र को एक सूत्र में

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर आयोजित इस फुटबॉल प्रतियोगिता ने खेलप्रेमियों के बीच भाईचारे, उत्साह और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। झारखंड और ओड़िशा की टीमों के खिलाड़ियों ने एक ही मैदान पर खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।

किंगफिशर एफसी की यह प्रतियोगिता एक बार फिर साबित कर गई कि सारंडा में फुटबॉल केवल खेल नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं और जुनून से जुड़ा उत्सव है। हजारों दर्शकों की मौजूदगी, सड़क तक पहुंची भीड़ और फाइनल मुकाबले का रोमांच लंबे समय तक खेलप्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment