ओटी हिल क्षेत्र में काम के दौरान धधकी मशीन, ऑपरेटर ने कूदकर बचाई जान
रिपोर्ट: शैलेश सिंह / संदीप गुप्ता
सेल की गुवा खदान में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खदान के अंदर ओटी हिल क्षेत्र में कार्यरत 14 नंबर सौबेल मशीन के पास खड़ी करोड़ों रुपये की डोजर मशीन में अचानक आग लग गई। आग लगने से मशीन को काफी नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह रही कि मशीन चला रहा ऑपरेटर समय रहते कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
बताया जा रहा है कि यह घटना शुक्रवार 6 मार्च की सुबह लगभग 11 बजे के आसपास हुई। उस समय डोजर मशीन के जरिए पहाड़ से निकाले गए लौह अयस्क पत्थरों की डोजिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक मशीन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई।

धुआं उठते ही ऑपरेटर ने दिखाई सूझबूझ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही मशीन से धुआं निकलना शुरू हुआ, ऑपरेटर को खतरे का अंदेशा हो गया। कुछ ही क्षण में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। स्थिति को भांपते हुए ऑपरेटर तुरंत मशीन से कूद गया और सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया। इस दौरान उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई, जो एक बड़ी राहत की बात मानी जा रही है।
यदि ऑपरेटर समय रहते मशीन से नहीं उतरता तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
घटना के बाद मचा हड़कंप
मशीन में आग लगने की सूचना मिलते ही खदान क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास काम कर रहे कर्मचारी और अधिकारी तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। कुछ ही देर में पानी टैंकर को मौके पर बुलाया गया।
सेल कर्मियों और कर्मचारियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक मशीन को काफी नुकसान पहुंच चुका था।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा।
घटना के बाद प्रबंधन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी टीम को मशीन की स्थिति और आग लगने के कारणों की जांच का जिम्मा सौंपा गया है।

मेंटेनेंस पर उठ रहे सवाल
इस घटना के बाद खदान क्षेत्र में मशीनों के रख-रखाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय कर्मचारियों और मजदूरों का कहना है कि खदान में मैनपावर की भारी कमी के कारण मशीनों और भारी वाहनों का नियमित मेंटेनेंस ठीक से नहीं हो पा रहा है।
कर्मचारियों का मानना है कि यदि मशीनों की समय-समय पर तकनीकी जांच और देखरेख हो तो ऐसी घटनाओं से काफी हद तक बचा जा सकता है।
प्रबंधन सतर्क, जांच जारी
घटना के बाद सेल प्रबंधन भी सतर्क हो गया है। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को और सख्ती से लागू करने की बात कही जा रही है।
फिलहाल आग बुझा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना ने खदान क्षेत्र में सुरक्षा और मशीनों के रख-रखाव को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।














