सेल कर्मियों और आम लोगों में भय, वन विभाग अलर्ट मोड में
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
सेल नगरी किरीबुरू के शहरी क्षेत्र स्थित किरीबुरू-हिलटॉप मुख्य मार्ग पर पुराने मैगजीन घर के समीप जंगल में एक जंगली हाथी के डेरा डालने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले सेल कर्मियों और आम नागरिकों के बीच भय व्याप्त हो गया है।
जानकारी के अनुसार, 29 जून की रात यह हाथी अचानक इसी सड़क मार्ग को पार करते हुए सेल की मेघाहातुबुरु खदान के मैकेनिकल शॉवेल सेक्शन क्षेत्र में पहुंच गया। रात लगभग 11 बजे हाथी के पहुंचते ही वहां कार्यरत सेल कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भाग खड़े हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी कुछ देर तक खदान क्षेत्र में घूमता रहा और बाद में जंगल की ओर लौट गया। हालांकि, उसकी गतिविधियों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

सुबह फिर दिखा हाथी, वन विभाग को दी गई सूचना
30 जून की सुबह करीब 5:30 बजे स्थानीय लोगों ने उसी हाथी को पुराने मैगजीन घर के पास फिर से देखा। इसके बाद तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।
वन विभाग के कर्मी शंकर पांडेय ने बताया कि हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने और उसकी सटीक लोकेशन ट्रैक करने के लिए विभाग द्वारा ड्रोन ऑपरेटर को बुलाया गया है। ड्रोन की मदद से हाथी की स्थिति का पता लगाकर उसे सुरक्षित तरीके से घने जंगलों की ओर खदेड़ने की योजना बनाई जा रही है।
लोगों से अपील: हाथी के पास न जाएं
वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति हाथी के नजदीक जाने या उसे छेड़ने की कोशिश न करे। ऐसा करने पर हाथी उग्र हो सकता है और जानमाल का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
गौरतलब है कि सारंडा और आसपास के जंगलों से अक्सर हाथियों का शहरी क्षेत्रों की ओर रुख करना चिंता का विषय बनता जा रहा है। लगातार बढ़ती मानवीय गतिविधियों और जंगलों में संसाधनों की कमी के कारण वन्यजीव आबादी प्रभावित हो रही है, जिसका असर अब सीधे रिहायशी और औद्योगिक इलाकों में देखने को मिल रहा है।












