भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

हर तेज बारिश में बाढ़ का खौफ, बड़ाजामदा के घरों में 4-5 फीट पानी; किरीबुरू में भी तालाब उफनाए

On: August 26, 2026 8:10 AM
Follow Us:
हर तेज बारिश में बाढ़ का खौफ, बड़ाजामदा के घरों में 4-5 फीट पानी; किरीबुरू में भी तालाब उफनाए
---Advertisement---

 

बारिश बढ़ते ही बड़ाजामदा में मंडराने लगता है बाढ़ का खतरा

रिपोर्ट शैलेश सिंह 

किरीबुरू, मेघाहातुबुरु, बड़ाजामदा और सारंडा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। इनमें सबसे अधिक परेशानी बड़ाजामदा के लोगों को झेलनी पड़ रही है। तेज बारिश शुरू होते ही यहां लोगों की रातों की नींद और दिन का चैन छिन जाता है। पहाड़ियों से तेज गति से उतरने वाला वर्षा का पानी देखते ही देखते बड़ाजामदा के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न कर देता है।

बड़ाजामदा में एक घर के अंदर का नजारा

घरों में घुस जाता है 4-5 फीट तक पानी

हालात इतने भयावह हो जाते हैं कि कई लोगों के घरों में 4 से 5 फीट तक पानी भर जाता है। पानी के साथ घरों में रखा सामान, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं बर्बाद हो जाती हैं। कई परिवारों के सामने ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है कि उन्हें अपने ही घर में सोने और रहने तक की जगह नहीं मिलती।

लाखों के आलीशान मकान, फिर भी चैन की नींद नहीं

विडंबना यह है कि लोगों ने लाखों रुपये खर्च कर अपने घरों को तमाम आधुनिक सुविधाओं से लैस किया है, लेकिन बारिश के मौसम में वही मकान उनके लिए चिंता का कारण बन जाते हैं। हर वर्ष तेज बारिश के दौरान पानी घरों में घुसने के डर से लोग रातभर जागने को मजबूर रहते हैं।

हर साल वही संकट, स्थायी समाधान अब तक नहीं

स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ाजामदा में जलभराव और पहाड़ी पानी की समस्या कोई नई नहीं है। हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति दोहराती है। इसके बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से पानी की समुचित निकासी के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था नहीं की जा सकी है। लोगों का सवाल है कि आखिर कब तक उन्हें हर बरसात में बाढ़ के खौफ के बीच रहना पड़ेगा।

लेक गार्डन तालाब का नजारा

किरीबुरू में भी तालाब लबालब

इधर लगातार बारिश के कारण किरीबुरू स्थित लोकेश्वर नाथ मंदिर तालाब और लेक गार्डन तालाब भी लबालब भर गए हैं। दोनों तालाबों का जलस्तर लगातार बढ़ने से आसपास के इलाकों में भी चिंता का माहौल है।

जाकिर हुसैन पार्क में घुसा पानी

भारी वर्षा के कारण जाकिर हुसैन पार्क परिसर में भी पानी प्रवेश कर गया है। वहीं सीजीएम आवास और मंदिर के बीच स्थित पुलिया पर दोनों तालाबों के पानी का दबाव काफी बढ़ गया है।

पुलिया पर बढ़ा पानी का दबाव, टूटने का सता रहा डर

पुलिया पर पानी का अत्यधिक लोड देखकर स्थानीय लोगों में यह आशंका बढ़ गई है कि कहीं पानी का दबाव पुलिया की क्षमता से अधिक न हो जाए और वह क्षतिग्रस्त होकर टूट न जाए। यदि पुलिया टूटती है तो इस मार्ग से आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

मंदिर तलाब का हाल

फिलहाल कई वैकल्पिक मार्ग मौजूद

हालांकि इस मार्ग के अलावा आवागमन के लिए कई वैकल्पिक सड़क मार्ग उपलब्ध हैं, फिर भी स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया की सुरक्षा और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर प्रशासन को समय रहते गंभीर कदम उठाने चाहिए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना या आवागमन संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।

बारिश ने फिर खोल दी जलनिकासी व्यवस्था की पोल

लगातार बारिश ने एक बार फिर बड़ाजामदा सहित पूरे क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था की कमजोरियों को सामने ला दिया है। लोगों की मांग है कि प्रशासन केवल बारिश के दौरान राहत कार्य तक सीमित न रहे, बल्कि पहाड़ी पानी के व्यवस्थित निकासी के लिए स्थायी योजना तैयार कर उसका धरातल पर क्रियान्वयन करे, ताकि हर वर्ष लोगों को बाढ़ जैसे हालात और जान-माल के नुकसान का सामना न करना पड़े।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment