भ्रष्टाचार नक्सल खदान अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम
---Advertisement---

गणित की मेधा का महाकुंभ! 34वीं पद्माबाई रूंगटा प्रतियोगिता में 4,036 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

---Advertisement---

कोल्हान के 100 से अधिक सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, चाईबासा और जमशेदपुर के तीन केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई परीक्षा

रिपोर्ट : शैलेश सिंह

चाईबासा। विद्यार्थियों के भीतर छिपी गणितीय प्रतिभा को निखारने और गणित के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित 34वीं पद्माबाई रूंगटा अंतर जिला गणित प्रतियोगिता में इस बार विद्यार्थियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रविवार को चाईबासा और जमशेदपुर के तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कोल्हान प्रमंडल के 100 से अधिक सरकारी एवं निजी विद्यालयों के कुल 4,036 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया।

स्वर्गीय पद्माबाई रूंगटा की स्मृति में एसआर रूंगटा ग्रुप के सौजन्य से रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता पिछले 34 वर्षों से निरंतर विद्यार्थियों के बीच गणितीय प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का सशक्त मंच बनी हुई है।

तीन केंद्रों पर उमड़ा प्रतिभागियों का हुजूम

प्रतियोगिता के लिए चाईबासा के मांगीलाल रूंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय को मुख्य परीक्षा केंद्र बनाया गया था। यहां सर्वाधिक 2,410 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। वहीं मारवाड़ी मध्य विद्यालय में 402 तथा जमशेदपुर के नारभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल में 1,224 विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

जमशेदपुर केंद्र का संचालन रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट के सहयोग से किया गया। यहां सौरव गुप्ता, आकाश झा, अर्पणा कुमारी और चंदन कुमार ने परीक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान गुरप्रीत भाटिया और पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रतीम बनर्जी भी मौजूद रहे।

 

दो पालियों में हुआ बौद्धिक क्षमता का परीक्षण

कक्षा सातवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। परीक्षा ओएमआर आधारित रही। पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कक्षा आठवीं एवं दसवीं तथा दूसरी पाली में दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक कक्षा सातवीं एवं नौवीं के विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।

परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महिला कॉलेज, चाईबासा के बीएड विभाग की 60 प्रशिक्षु छात्राओं ने कक्ष निरीक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभागाध्यक्ष डॉ. मुबारक करीम हाशमी एवं एनएसएस प्रमुख अर्पित सुमन टोप्पो के मार्गदर्शन में यह जिम्मेदारी निभाई गई। वहीं चाईबासा के दोनों परीक्षा केंद्रों पर सिविल सर्जन कार्यालय के समन्वय से प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी।

निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए विशेष इंतजाम

प्रतियोगिता की विश्वसनीयता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आयोजकों ने उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की। तीनों परीक्षा केंद्रों की ओएमआर शीट का मूल्यांकन चाईबासा में एक ही स्थान पर किया जाएगा।

परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी ओएमआर शीट जमा कर उपस्थिति सूची से उनका मिलान किया गया। इसके बाद कक्षावार उत्तर पुस्तिकाओं को अलग-अलग पैकेट में रखकर सीलबंद किया गया। जमशेदपुर केंद्र की सीलबंद उत्तर पुस्तिकाओं को भी अधिकृत पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में चाईबासा लाया गया। यहां सील और उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या का सत्यापन करने के बाद उत्तर कुंजी के आधार पर कंप्यूटर एवं विशेषज्ञ शिक्षकों की मदद से मूल्यांकन किया जाएगा।

मेधावी विद्यार्थियों पर होगी नकद पुरस्कारों की बौछार

प्रतियोगिता का परिणाम जल्द घोषित किया जाएगा। विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।

समग्र स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 10,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर 7,500 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 5,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे।

इसके अलावा प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 3,000, 2,000 और 1,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। 50 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ प्रत्येक सहभागी विद्यालय के स्कूल टॉपर को भी आगामी सम्मान समारोह में मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।

गणित का डर दूर करना ही प्रतियोगिता का मूल उद्देश्य : विकास गुप्ता

क्लब अध्यक्ष विकास गुप्ता ने कहा कि पिछले 34 वर्षों से प्रतियोगिता का लगातार आयोजन क्लब के सेवा संकल्प और समाज के अटूट विश्वास का प्रमाण है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के मन से गणित का डर दूर करना, उनमें विषय के प्रति रुचि पैदा करना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है।

वहीं प्रोग्राम चेयरमैन अक्षय कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रतियोगिता की निष्पक्षता और विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए मूल्यांकन से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित हस्तांतरण तक विशेष प्रबंध किए गए हैं।

आयोजन में इनकी रही अहम भूमिका

इस विशाल शैक्षणिक आयोजन को सफल बनाने में अमित पोद्दार, सौरव राम, सौरव नेवटिया, सुमित रक्षित, नीलाशीष मजूमदार, विनय लोढ़ा, देवल खिरवाल, आकाश अग्रवाल, सुमित नरेडी, बिष्णु भूत, अंकित खिरवाल और सदाशिव खत्री ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

34 वर्षों की निरंतरता और इस बार 4,036 विद्यार्थियों की भागीदारी ने एक बार फिर साबित किया कि पद्माबाई रूंगटा गणित प्रतियोगिता केवल परीक्षा नहीं, बल्कि कोल्हान की नई पीढ़ी की बौद्धिक प्रतिभा को पहचानने, तराशने और आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक अभियान बन चुकी है।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु की डिजिटल पहल, ‘KVS Samvaad – Parent Connect App’ से अभिभावक सीधे जुड़ेंगे विद्यालय से; घर बैठे देख सकेंगे परीक्षा परिणाम, उपस्थिति और स्कूल डायरी

चक्रवात अकवान का असर: 20 नवंबर को पश्चिमी सिंहभूम के स्कूलों में KG से पांचवीं तक की कक्षाएं रहेंगी बंद

केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु में PGT इतिहास शिक्षक की नियुक्ति के लिए वॉक-इन इंटरव्यू 4 नवंबर को

चक्रवात अर्णव का असर: केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु दो दिन बंद, घर से यूनिफॉर्म में ऑनलाइन क्लास करेंगे विद्यार्थी

केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु में 27 अक्टूबर को होगी PTM, अभिभावकों के मोबाइल और ई-मेल का होगा सत्यापन

सारंडा में शिक्षा व्यवस्था बदहाल, विकास योजनाओं पर भ्रष्टाचार के आरोप; अब हक के लिए उठेगी ग्रामीणों की आवाज!

Leave a Comment

error: Content is protected !!