किरीबुरू से सैडल गेट तक सड़क किनारे उगी झाड़ियां बन रहीं जानलेवा, हर मोड़ पर मंडरा रहा दुर्घटना का खतरा
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
किरीबुरू। किरीबुरू थाना क्षेत्र अंतर्गत वायरलेस घाटी में कैंपर वाहन और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार घायल हो गया। दुर्घटना में मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल को उपचार के लिए सेल अस्पताल ले जाए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सड़क की झाड़ियां बन गईं दुर्घटनाओं का बड़ा कारण
इस दुर्घटना ने एक बार फिर किरीबुरू से सैडल गेट तक सड़क सुरक्षा की बदहाल व्यवस्था को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग के दोनों किनारों पर घनी झाड़ियां उग आई हैं, जिन्होंने सड़क को पहले से कहीं अधिक संकीर्ण बना दिया है। सबसे खतरनाक स्थिति सड़क के तीखे मोड़ों पर है, जहां झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहनों का पता तक नहीं चलता।
हर मोड़ पर मौत का साया, कब जागेंगे जिम्मेदार?
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर वाहन चालकों को हर मोड़ पर दुर्घटना का खतरा उठाकर सफर करना पड़ता है। कई बार सामने से अचानक वाहन आ जाने के कारण चालक दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बचते हैं। बावजूद इसके, सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
सड़क सुरक्षा अभियान सिर्फ जागरूकता तक सीमित!
विडंबना देखिए कि जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा के नाम पर समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाता है। हेलमेट पहनने, नियंत्रित गति से वाहन चलाने और यातायात नियमों के पालन की नसीहतें दी जाती हैं। लेकिन सवाल यह है कि जब सड़कों के दोनों किनारे झाड़ियों से पटे हों और मोड़ों पर सामने से आने वाला वाहन दिखाई ही न दे, तो केवल जागरूकता अभियान चलाने से दुर्घटनाएं कैसे रुकेंगी?
पथ निर्माण और वन विभाग की जिम्मेदारी पर सवाल
सड़क किनारे की झाड़ियों की नियमित कटाई और सुरक्षित यातायात के लिए आवश्यक व्यवस्था करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद पथ निर्माण विभाग अथवा वन विभाग की ओर से अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाया जाना गंभीर चिंता का विषय है।

हादसे के बाद नहीं, पहले जागे प्रशासन
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, पथ निर्माण विभाग और वन विभाग से किरीबुरू से सैडल गेट तक सड़क के दोनों किनारों की झाड़ियों की तत्काल कटाई कराने तथा सभी खतरनाक मोड़ों को दुर्घटनामुक्त बनाने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना और जानमाल के नुकसान का इंतजार कर रहा है? आखिर सड़क सुरक्षा का मतलब सिर्फ लोगों को जागरूक करना है या दुर्घटना के वास्तविक कारणों को दूर करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है?









