किरीबुरू-मेघाहातुबुरु में दोपहर बाद से लगातार हो रही बारिश, तेज हवाओं ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
किरीबुरू। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Cyclone Akvan) का असर 19 नवम्बर की दोपहर बाद से ही किरीबुरू, मेघाहातुबुरु एवं सारंडा के जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में दिखने लगा है। मौसम के अचानक बदले मिजाज ने पूरे इलाके को ठंड की चपेट में ले लिया है। आसमान में घने बादलों का डेरा, तेज ठंडी हवाएं और लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

सुबह से ही बदला मौसम का मिजाज
गुरुवार की सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। इसके साथ ही तेज और सर्द हवाओं का चलना जारी रहा। दोपहर बाद मौसम ने और विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश तेज हवाओं के साथ लगातार होती रही। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण किरीबुरू और मेघाहातुबुरु में ठंड का एहसास और अधिक बढ़ गया है।
घरों में दुबकने को मजबूर हुए लोग
तूफानी हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। अचानक बढ़ी ठंड ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया है। बाजारों और सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा लोगों की आवाजाही कम दिखाई दे रही है। वहीं, कई लोग जरूरी काम न होने पर अपने-अपने घरों में ही रहना बेहतर समझ रहे हैं।
20 नवम्बर को और व्यापक असर की आशंका
मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए 20 नवम्बर को भी क्षेत्र में चक्रवाती तूफान का असर बने रहने की आशंका जताई जा रही है। यदि बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहता है तो ठंड में और वृद्धि हो सकती है। ऐसे में क्षेत्रवासियों को मौसम के प्रति सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जाती है।










