एक सप्ताह में मांगें पूरी करने का भरोसा, चार नए ठेका श्रमिकों को मिलेगा रोजगार
मांगें पूरी नहीं हुईं तो सफाई कर्मियों के साथ आर-पार की लड़ाई लड़ेगा संघ : रामा पाण्डे
रिपोर्ट शैलेश सिंह
गुवा। सेल गुवा प्रबंधन के अधीन कार्यरत सफाई कर्मियों की लंबित मांगों को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने प्रबंधन पर दबाव बढ़ा दिया है। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डे ने आज सीजीएम सी. वी. कुमार, महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह एवं उप महाप्रबंधक राम बाबू डोराडला से मुलाकात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

पुराने आश्वासन की दिलाई याद
रामा पाण्डे ने प्रबंधन को पूर्व में हुई बैठक की याद दिलाते हुए कहा कि सीजीएम ने सफाई कर्मियों की सभी समस्याओं का जल्द समाधान करने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
रोजगार और पदोन्नति की मांग
संघ की प्रमुख मांगों में अतिरिक्त सफाई कर्मियों को रोजगार देना तथा लंबे समय से कार्यरत सफाई कर्मियों को उनकी वर्तमान श्रेणी से पदोन्नत कर उच्च श्रेणी में शामिल करना शामिल है।
आंदोलन के अलावा विकल्प नहीं
रामा पाण्डे ने स्पष्ट कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे सफाई कर्मियों की मांगों को लगातार लंबित रखना उचित नहीं है। यदि प्रबंधन जल्द निर्णय नहीं लेता है तो यूनियन के सामने आंदोलन के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचेगा।
सीजीएम ने मांगा एक सप्ताह का समय
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीजीएम सी. वी. कुमार ने यूनियन से एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा। उन्होंने बताया कि गुवा अस्पताल की सफाई व्यवस्था के लिए नई मशीन मंगाई जा रही है। इसके संचालन हेतु चार नए ठेका श्रमिकों को रोजगार से जोड़ा जाएगा।
एक सप्ताह बाद होगा निर्णायक आंदोलन
रामा पाण्डे ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रबंधन को एक सप्ताह का समय दिया गया है। यदि इस अवधि में सफाई कर्मियों की लंबित मांगों पर ठोस निर्णय लेकर समाधान नहीं किया गया तो झारखंड मजदूर संघर्ष संघ सफाई कर्मियों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन छेड़ेगा।
अब निगाहें सेल गुवा प्रबंधन पर टिकी हैं कि वह एक सप्ताह के भीतर अपने आश्वासन को धरातल पर उतारता है या फिर सफाई कर्मियों के हक और अधिकार की लड़ाई आंदोलन का रूप लेती है।










