भ्रष्टाचार नक्सल खदान अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम
---Advertisement---

36 घंटे की बारिश से सारंडा बेहाल, बोकना में लोहा पुलिया डूबी

---Advertisement---

गुवा संवाददाता।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गहरे अवदाब के प्रभाव से झारखंड-ओड़िशा सीमावर्ती सारंडा क्षेत्र में पिछले करीब 36 घंटे से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। गुवा, किरीबुरू, मेघाहातुबुरु समेत आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुककर हो रही लगातार बारिश, तेज ठंडी हवाओं और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।

लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित

लगातार बारिश के कारण आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा आवाजाही कम दिखाई दे रही है। बाजारों में भी चहल-पहल घट गई है, जिसका सीधा असर दुकानदारों के कारोबार पर पड़ा है।

छाता और रेनकोट के सहारे स्कूल पहुंचे बच्चे

खराब मौसम के बावजूद स्कूली बच्चे छाता और रेनकोट के सहारे स्कूल जाते नजर आए। पहाड़ी क्षेत्र में तेज ठंडी हवाओं और बारिश के कारण बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावक भी मौसम को लेकर चिंतित दिखाई दे रहे हैं।

बोकना में लोहा पुलिया पूरी तरह जलमग्न

इधर, लगातार करीब 36 घंटे से हो रही बारिश के कारण गुवा-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर बोकना गांव स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप कारो नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदी पर बनी लोहा पुलिया पूरी तरह जलमग्न हो गई है और पुलिया के ऊपर से कारो नदी का पानी बह रहा है।

पुलिया के ऊपर पानी बहने से इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। जलस्तर में और वृद्धि होने की स्थिति में आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है।

प्रशासन ने जारी की सतर्कता

स्थिति को देखते हुए गुवा प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि पुलिया के ऊपर से पानी बहने के दौरान उसे पार करने का प्रयास नहीं करें। तेज बहाव के बीच पुलिया पार करना जानलेवा साबित हो सकता है।

नदी-नालों से दूर रहने की अपील

लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने तथा नदी, नाले और अन्य जलस्रोतों के समीप जाने से बचने की अपील की है। लोगों को विशेष रूप से मछली पकड़ने के लिए नदी में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान मौसम और जलस्तर की स्थिति पर नजर रखें तथा किसी भी तरह के जोखिम से बचें।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment