घने कोहरे और लगातार वर्षा से किरीबुरू-मेघाहातुबुरु की सड़कें वीरान, पांचवीं तक के बच्चों की छुट्टी, ऑनलाइन पढ़ाई जारी
निजी साइटों पर निर्माण कार्य ठप, मजदूरों के सामने रोजी-रोटी और आर्थिक तंगी का संकट
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
किरीबुरू। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Cyclone Akvan) का 20 नवम्बर को किरीबुरू, मेघाहातुबुरु और सारंडा क्षेत्र में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। पिछले दिन से बिगड़े मौसम ने अब विकराल रूप ले लिया है। तेज सर्द हवाएं, घना कोहरा और नॉन स्टॉप बारिश ने पूरे क्षेत्र को ठंड की गिरफ्त में ले लिया है। लगातार हो रही वर्षा और खराब मौसम के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

बारिश, कोहरा और सर्द हवाओं का तिहरा प्रहार
20 नवम्बर की सुबह से ही क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ है। इसके साथ तेज और बेहद ठंडी हवाएं चल रही हैं तथा बारिश का सिलसिला बिना रुके जारी है। पहाड़ी और वन क्षेत्र होने के कारण किरीबुरू-मेघाहातुबुरु में मौसम का असर और अधिक महसूस किया जा रहा है। दिन के समय भी मौसम में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है। लोगों को घरों में ही दुबकने को मजबूर होना पड़ रहा है।
सड़कें वीरान, बाजारों में भी सन्नाटा
लगातार बारिश और कोहरे ने सड़कों पर आवाजाही लगभग ठप कर दी है। किरीबुरू और मेघाहातुबुरु की सड़कें वीरान नजर आ रही हैं। बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा सन्नाटा पसरा हुआ है। जरूरी काम से ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। खराब मौसम के कारण वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।

पांचवीं तक के बच्चों की छुट्टी, ऑनलाइन पढ़ाई जारी
खराब मौसम और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन के आदेश के तहत पांचवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए विद्यालयों में छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए घरों से ही ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से पढ़ाई जारी रखी जा रही है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं।
निजी साइटों पर काम बंद, मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट
चक्रवाती तूफान और लगातार बारिश का सबसे गंभीर आर्थिक असर दिहाड़ी मजदूरों पर पड़ता दिखाई दे रहा है। निजी निर्माण साइटों पर ठेकेदारों द्वारा काम बंद कर दिए जाने से मजदूरों के हाथों से रोजगार छिन गया है। रोज कमाने और रोज खाने वाले मजदूरों के सामने अब परिवार का भरण-पोषण करने तथा दैनिक जरूरतों को पूरा करने की समस्या उत्पन्न होने लगी है।
मजदूरों का कहना है कि मौसम खराब होने के कारण काम बंद है और जब तक बारिश थमेगी नहीं, तब तक रोजगार मिलने की उम्मीद भी कम है। ऐसे में लगातार काम बंद रहने से उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक बिगड़ने की आशंका है।

कब थमेगा बारिश और ठंड का यह सितम?
फिलहाल किरीबुरू, मेघाहातुबुरु और सारंडा क्षेत्र में मौसम का मिजाज बेहद खराब बना हुआ है। लगातार बारिश, तेज सर्द हवाओं और घने कोहरे ने आम लोगों से लेकर स्कूली बच्चों और दिहाड़ी मजदूरों तक की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब क्षेत्रवासियों को मौसम साफ होने और बारिश थमने का इंतजार है।








