रात के अंधेरे में हाथियों का तांडव, गरीब ग्रामीणों की जिंदगी और मेहनत की कमाई पर संकट
वन विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल, पीड़ितों को तत्काल मुआवजा और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की सुशील बारला ने की मांग
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
आनंदपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत बीजू पंचायत के लेरपोंडा गांव में जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। 23 नवंबर 2026 को हाथियों के हमले ने ग्रामीणों के बीच दहशत फैला दी। हाथियों ने तीन ग्रामीणों के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि सात किसानों की धान की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया। इस घटना ने गरीब परिवारों के सामने रोजी-रोटी और आशियाने का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।

तीन ग्रामीणों के घरों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, हाथियों ने शनिचर गुड़िया, पिता भदोवा गुड़िया, मुस्कु रौतिया, पिता खेदू रौतिया तथा दुरुपति रौतिया के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घरों को नुकसान पहुंचने से प्रभावित परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सात किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
हाथियों का उत्पात केवल घरों तक सीमित नहीं रहा। गांव के बिमल ओडेया, बिरसा तुरी, बिष्णु रौतिया, सहदेव सिंह मुंडा, भोदरू रौतिया, बिनांद रौतिया एवं लोहार रौतिया की धान की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। जिन खेतों में किसान सालभर के अनाज की उम्मीद संजोए बैठे थे, वहां हाथियों ने फसल रौंदकर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। किसानों के सामने अब परिवार का भरण-पोषण करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
सुशील बारला ने जताई चिंता, वन विभाग को घेरा
इस घटना पर भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशील बारला ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि गरीब ग्रामीण बड़ी मेहनत और उम्मीद के साथ खेती करते हैं। फसल तैयार होने के समय हाथियों का हमला उनकी पूरी आर्थिक व्यवस्था को तहस-नहस कर देता है। घरों के क्षतिग्रस्त होने और फसल बर्बाद होने से पीड़ित परिवारों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि हाथी-मानव संघर्ष की घटनाएं लगातार ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन रही हैं। ऐसे में वन विभाग केवल नुकसान का आकलन करने तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीणों की सुरक्षा और उनकी आजीविका बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए।

चार सूत्री मांग, तत्काल मुआवजे पर जोर
सुशील बारला ने वन विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित तीनों परिवारों के क्षतिग्रस्त घरों का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाए। जिन सात किसानों की धान की फसल बर्बाद हुई है, उनकी क्षति का निष्पक्ष मूल्यांकन कर सरकारी प्रावधानों के अनुसार उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही हाथियों के गांव में प्रवेश को रोकने तथा ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा के लिए ठोस सुरक्षात्मक व्यवस्था की जाए।
सवाल सिर्फ मुआवजे का नहीं, ग्रामीणों की सुरक्षा का भी है
सुशील बारला ने कहा कि वन्यजीवों का संरक्षण जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर ग्रामीणों की जान-माल और आजीविका की अनदेखी नहीं की जा सकती। जब हाथियों के हमले में गरीबों के घर टूटते हैं और किसानों की महीनों की मेहनत बर्बाद होती है, तब उनकी भरपाई और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग को उठानी होगी।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं वन विभाग से मांग की कि लेरपोंडा गांव के पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए तथा भविष्य में हाथियों के हमले से बचाव के लिए स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।









