एक ही गांव में जांच कराने वाले करीब आधे मरीज मलेरिया पॉजिटिव, स्वास्थ्य विभाग के लिए खतरे की घंटी; अन्य गांवों में भी व्यापक जांच हुई तो सामने आ सकती है संक्रमण की भयावह तस्वीर
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
चिड़िया (सारंडा)। सारंडा के सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में मलेरिया का संक्रमण एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बनता नजर आ रहा है। इसकी ताजा तस्वीर मारंग पोंगा गांव में सामने आई है, जहां सेल की चिड़िया खदान अस्पताल प्रबंधन की ओर से 25 नवंबर को आयोजित मेडिकल कैंप में कुल 76 मरीजों का इलाज किया गया। इनमें से 25 मरीजों के रक्त की जांच की गई, जिसमें 12 मरीज मलेरिया से संक्रमित पाए गए। आंकड़ों के लिहाज से रक्त जांच कराने वाले मरीजों में लगभग 48 प्रतिशत का मलेरिया पॉजिटिव मिलना बेहद चिंताजनक है।

25 की जांच में 12 मलेरिया पॉजिटिव, संक्रमण की गंभीरता का संकेत
मारंग पोंगा गांव में आयोजित इस मेडिकल कैंप के दौरान सामने आए आंकड़े सारंडा के ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया संक्रमण की स्थिति को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं। एक ही गांव में महज 25 मरीजों की रक्त जांच में 12 लोगों का मलेरिया संक्रमित मिलना इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में संक्रमण को हल्के में नहीं लिया जा सकता। वहीं, अन्य मरीज मौसमी बीमारियों और वायरल बुखार से पीड़ित पाए गए।

अन्य गांवों की जांच हुई तो सामने आ सकती है बड़ी तस्वीर
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जब एक गांव में इतनी बड़ी संख्या में मलेरिया संक्रमित मरीज मिल रहे हैं, तो सारंडा के दूसरे सुदूरवर्ती गांवों में व्यापक स्तर पर जांच होने पर संक्रमण के और भी मामले सामने आने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। विशेषकर जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में बसे गांवों में रहने वाले ग्रामीणों तक नियमित स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच और समय पर रक्त जांच की व्यवस्था बेहद जरूरी है।
मारंग पोंगा के आंकड़े स्वास्थ्य विभाग और संबंधित चिकित्सा प्रबंधन के लिए एक चेतावनी के रूप में देखे जा सकते हैं। जरूरत है कि केवल एक-दो गांवों तक सीमित रहने के बजाय आसपास के गांवों में भी विशेष मलेरिया जांच अभियान चलाया जाए, ताकि संक्रमण की वास्तविक स्थिति का पता चल सके और समय रहते मरीजों का समुचित उपचार सुनिश्चित हो सके।

चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने संभाला मोर्चा
मेडिकल कैंप में सेल की चिड़िया अस्पताल के चिकित्सक प्रभारी डॉ. राजकुमार, डॉ. नीतू कुमारी एवं डॉ. सक्षम कुमार ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं, लैब तकनीशियन थॉमस लागुरी ने रक्त जांच की जिम्मेदारी निभाई।
इस दौरान एएनएम कुमलेन कंडूलना, संध्या रानी दास एवं रीना गोप के अलावा मोहन लाल चौबे, जग्गू मुखी, एमपीडब्ल्यू प्रेम सिंह हेंब्रम, महादेव बहंदा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे।

मलेरिया नियंत्रण के लिए गांव-गांव जांच जरूरी
मारंग पोंगा में सामने आए 12 मलेरिया संक्रमित मरीजों का आंकड़ा स्पष्ट संकेत देता है कि सारंडा के ग्रामीण इलाकों में मलेरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य जांच अभियान को और व्यापक बनाने की जरूरत है। बुखार से पीड़ित प्रत्येक ग्रामीण की समय पर रक्त जांच, संक्रमित मरीजों का पूरा उपचार, मच्छरों से बचाव के उपाय और ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।
सारंडा जैसे दुर्गम वन क्षेत्र में मलेरिया को केवल सामान्य मौसमी बीमारी समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। समय रहते व्यापक जांच और प्रभावी रोकथाम की पहल ही ग्रामीणों को इस संक्रमण के खतरे से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।











