रिपोर्ट : शैलेश सिंह
किरीबुरू। सेल गुवा के रांजाबुरु खदान में जारी आंदोलन के दौरान तीन हाईवा चालकों से मारपीट के मामले में गुवा पुलिस ने 26 अगस्त को नामजद आरोपी सह झामुमो नेता बृंदावन गोप को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा। हालांकि, कुछ घंटे बाद ही न्यायालय से उन्हें जमानत मिल गई। पारिवारिक सदस्य कृष्णा दास ने वाटसऐप मैसेज भेज जमानत मिलने और बृंदावन गोप गुवा लौट रहे हैं कि जानकारी दी। हालांकि वृंदावन गोप के नंबर पर कॉल कर मामले की जानकारी लेने की कोशिश किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। जिससे पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई।

आंदोलन के दौरान चालकों से मारपीट का आरोप
करीब 12 दिन पूर्व सारंडा विकास समिति के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के दौरान मां सरला ठेका कंपनी के तीन हाईवा चालकों को कथित तौर पर रोका गया था। आरोप है कि आंदोलनकारियों ने चालकों के साथ मारपीट की, जिसमें तीनों घायल हो गए थे। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी।
आंदोलन स्थल पर पसरा सन्नाटा
बृंदावन गोप की गिरफ्तारी के बाद आंदोलन से जुड़े लोगों में हलचल रही, लेकिन जमानत मिलने के बाद स्थिति बदल गई। दूसरी ओर, अनिश्चितकालीन आंदोलन घोषित होने के बावजूद फिलहाल आंदोलन स्थल पर कोई आंदोलनकारी नजर नहीं आ रहा है।
आंदोलन के प्रमुख नेतृत्वकर्ता मानकी लागुड़ा देवगम ने बताया कि वे पिछले तीन दिनों से मलेरिया के कारण इलाजरत हैं और उन्हें आंदोलन की वर्तमान स्थिति तथा गिरफ्तारी की जानकारी नहीं है। पुलिस अब मामले के अन्य नामजद एवं अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।













